संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। नगरपरिषद के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को को भी उलटे झाड़ू लेकर शहर में रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के फतेहाबाद इकाई प्रधान विजय ढाका ने की व संचालन सचिव ओम प्रकाश लोट ने किया।
कर्मचारी नेता ओम प्रकाश झलानियां व धीरज घोघलिया ने बताया कि झाड़ू प्रदर्शन से पूर्व नगर परिषद कार्यालय में नगर पालिका कर्मचारी संघ जिला कमेटी की बैठक हुई। बैठक में फतेहाबाद के अलावा टोहाना, जाखल, रतिया, भूना के प्रधान, सचिव व सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला कमेटी ने कर्मचारियों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के प्रतिनिधि, नगर परिषद चेयरमैन व पार्षदों के बीच जाकर उनके समर्थन की अपील करेंगे और कर्मचारियों को पक्का करवाने और अन्य मांगों को लेकर सहयोग मांगा जाएगा।
कर्मचारी हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए जिला नगर आयुक्त के कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में कर्मचारी नेता सत्यवान टॉक, वीरू रत्ती, पवन चिंडालिया, राजा राम, संजू रत्ती, रंजना, शकुंतला, सतपाल परिहार आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी शहर में किया प्रदर्शन
टोहाना। नगर परिषद के कर्मचारियों ने नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन भी शहर में प्रदर्शन किया तथा नगर परिषद अध्यक्ष व सभी 23 पार्षदों के नाम ज्ञापन देकर समर्थन की अपील भी की है। कर्मचारी नेता रविंद्र की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया गया।
प्रधान रविन्द्र ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पिछले 6 दिनों से फतेहाबाद जिले में आंदोलन कर रहा है लेकिन जिला प्रशासन उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा है इसलिए वे अपने आंदोलन को तेज करना चाहते हैं। कर्मचारी नेता ने कहा कि नगर परिषद फतेहाबाद के सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने हेतु प्रदर्शन किया जा रहा है जिसको लेकर सरकार द्वारा पत्र भी जारी किया गया था। कर्मचारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष व सभी पार्षदों से समर्थन की अपील की है ताकि वे अपने आंदोलन को तेज कर सके।
ग्रामीण सफाईकर्मी 21 व 22 को करेंगे प्रदर्शन
भट्टू कलां। ताऊ देवीलाल टाउन पार्क में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान सुनील कुमार ने की। मीटिंग में फैसला लिया कि जिले के सभी ब्लॉकों में सफाई कर्मचारी 21 व 22 अप्रैल को प्रदर्शन करके खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। प्रदेश के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से 26 हजार रुपये वेतन का अपना संकल्प पूरा करने व मार्च माह का बजट जल्द जारी करने की मांग की है। घोषणा के 4 महीने बीत जाने के बाद भी आज तक 26 हजार रुपये वेतनमान का पत्र जारी नहीं किया गया है। बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सुनील कुमार, जिला सचिव हरपाल सिंह भुथन, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, उप प्रधान हरपाल, दर्शन सिंह आदि मौजूद रहे।