फतेहाबाद। जिला लघु सचिवालय परिसर की सड़कों की स्थिति इन दिनों खस्ताहाल हो गई है। कई जगह सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी हैं और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इस कारण नागरिकों और अधिकारियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
इस परिसर में जिले के उच्च अधिकारियों के कार्यालय स्थित हैं, जिनमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और न्याय पालिका के न्यायाधीश शामिल हैं। बावजूद इसके सड़कें लंबे समय से टूटी पड़ी हैं और मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सुबह से शाम तक वीआईपी गाड़ियों का काफिला इन गड्ढों और टूटी सड़क से होकर गुजरता है, जिससे वाहन और यात्रियों दोनों के लिए जोखिम बना रहता है।
स्थानीय नागरिक और कर्मचारी दोनों प्रशासन से सड़क की त्वरित मरम्मत और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों की अनदेखी से न केवल जनमानस बल्कि परिसर में कार्यरत प्रशासनिक कार्यों में भी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।
आम जनता के लिए बनी मुसीबत
लघु सचिवालय में रोजाना हजारों की संख्या में लोग अपने राजस्व कार्य, लाइसेंस बनवाने, कोर्ट कचहरी के मामलों या अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए आते हैं। सड़कों के बीचों-बीच बने गड्ढे अब वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक है। कई बार लोग इन गड्ढों के कारण अपना संतुलन खोकर गिर चुके हैं।
लघु सचिवालय के परिसर में खराब पड़ी सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा। पूरे परिसर में जहां भी समस्या है उसे दूर कर दिया जाएगा।
- गुलशन कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग फतेहाबाद।
जिला मुख्यालय के लघु सचिवालय के दूसरे खंड के पास टूटी सड़क। संवाद