फतेहाबाद। लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले भरी ई-मेल भेजने के मामले में पुलिस की जांच एक ही जगह पर अटकी हुई है। पुलिस विभाग को कोई ठोस सुराग हाथ लगा है और न ही धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले की पहचान हो सकी है। पिछले साल मई में भी ऐसा ही मामला आया था वह भी अब तक अनट्रेस बना हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धमकी भेजे जाने में इस्तेमाल किए गए ई-मेल अकाउंट और सर्वर की तकनीकी जांच जारी है। आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अब तक की पड़ताल में कोई निर्णायक कड़ी सामने नहीं आई है। दरअसल, वीपीएन सर्वर के रास्ते ई-मेल भेजे जाने के चलते जिला पुलिस की जांच के सामने डेड-एंड आ गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिकारियों के स्तर पर साइबर एक्सपर्ट से वीपीएन सर्वर से मेल आने पर उसके आईपी एड्रेस को ट्रेस करने के प्रयास जारी है। इस बीच सुरक्षा के मद्देनजर लघु सचिवालय और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। साइबर थाना इंचार्ज निरीक्षक रवि कुमार ने कहा कि फिलहाल कोई नई जानकारी नहीं है। लेकिन जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।