टोहाना। प्रदेश में रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस होगी और भूमि संबंधी निशानदेही भी डिजिटल व पेपरलेस की जाएगी। सोमवार को योजना का शुभारंभ हुआ। लघु सचिवालय में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के प्रतिनिधि के तौर पर नगर परिषद टोहाना के चेयरमैन नरेश बंसल और एसडीएम आकाश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
एसडीएम आकाश शर्मा ने बताया कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली से नागरिकों को घर बैठे ही पारदर्शी व तेज सेवाएं उपलब्ध होंगी। डिजिटल निशानदेही के माध्यम से भूमि संबंधी विवादों और पुराने मामलों का निपटारा पहले की अपेक्षा अधिक गति से होगा। नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से शुरू की गई यह डिजिटल पहल आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब लोगों को न तो रजिस्ट्री के लिए लंबी लाइनें लगानी पड़ेंगी और न ही कागजों की जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।
इस अवसर पर एसडीएम और चेयरमैन ने लघु सचिवालय के प्रांगण में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में डीएसपी उमेद सिंह, तहसीलदार सन्नी दलाल, नायब तहसीलदार रोहित कौशिक, अंजू, मार्केट कमेटी चेयरमैन जगजीत हुड्डा, भाजपा जिला महामंत्री विकास ललोदा आदि उपस्थित रहे।