टोहाना से फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में पकड़े गए आरोपी पंजाब के जालंधर निवासी मनदीप उर्फ माना को एसआईटी ने शुक्रवार को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में मारपीट, हत्या का प्रयास, छीना झपटी, चोरी के 24 मामले चल रहे हैं।
मनदीप को एसआईटी ने लुधियाना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर कोर्ट में पेश किया। यहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज बरामद करेगी। जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल आरोपी मोनू ने मनदीप उर्फ माना का पासपोर्ट तैयार करवाया था। आरोपी मनदीप उर्फ माना का गलत नाम से टोहाना के पते पर पासपोर्ट के लिए वेरिफिकेशन करवाया गया गया था। इस मामले में 22 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसमें टोहाना थाना के दो मुंशी और पासपोर्ट कार्यालय के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं।
टोहाना में पिछले साल हुआ मामले का खुलासा : टोहाना में फर्जी पासपोर्ट बनाने का धंधा लंबे समय से चल रहा था। सितंबर 2020 में मामले का खुलासा हुआ था। जिसमें सामने आया था कि नशा तस्करों, बदमाशों के टोहाना के पते पर वेरिफिकेशन करवाकर फर्जी पासपोर्ट बनाए जा रहे थे। मामले में टोहाना पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कीं और गुप्त तरीके से आरोपियों की गिरफ्तारी की। जांच में सामने आया है कि टोहाना निवासी अनिल भाटिया एजेंट के रूप में काम कर रहा था। अनिल भाटिया टोहाना थाना के पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर फर्जी पासपोर्ट के लिए वेरिफिकेशन करवाता था।
मामले की गंभीरता से एसआईटी जांच कर रही है। जांच में जो भी नाम सामने आ रहे है उन्हें पकड़ा जा रहा है। फर्जी पासपोर्ट मामले में जो भी शामिल होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। - राजेश कुमार, एसपी।