भट्टूमंडी में बिकने के लिए आई सरसों की ढेरी।
फतेहाबाद/भट्टू कलां। जिले में शनिवार को पहले दिन सरसों की सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई। प्रशासन की तरफ से सरसों की खरीद को लेकर फतेहाबाद, भट्टूकलां और भूना में खरीद की जानी है। तीनों मंडियों में खरीद को लेकर एजेंसियां नहीं पहुंची। वजह ये रही कि प्रशासन की तरफ से शनिवार को मंडियों को एजेंसियां अलॉट की गई। भूना में हैफेड, भट्टूकलां और फतेहाबाद में वेयर हाउस खरीद करेगा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मंडी में अभी सरसों नमीयुक्त आ रही है। सोमवार से ही खरीद शुरू हो पाएगी।
फतेहाबाद और भट्टूकलां में प्राइवेट एजेंसी एमएसपी से ज्यादा रेट पर खरीद कर रहे हैं। सरसों का एमएसपी 6200 रुपये तय किया गया है जबकि एजेंसी 6500 से 7000 रुपये तक खरीद कर रहे हैं।
भट्टूकलां में होती है सबसे ज्यादा आवक
भट्टूमंडी में भी सरसों की सरकारी खरीद पहले दिन नहीं हो सकी। सरकार ने सरसों खरीद को लेकर 28 मार्च से खरीद करने की बात कह रखी थी। लेकिन पहले दिन भट्टूमंडी में सरसों की सरकारी खरीद को लेकर कोई खरीद एजेंसी नहीं आई है। इसके साथ ही सरसों का प्राइवेट भाव भी ठीक होने के कारण किसान अपनी फसल व्यापारियों को बेच रहे हैं। भट्टूमंडी में शनिवार को करीब 575 क्विंटल सरसों की आवक हुई है। सरसों फसल में नमी की मात्रा 8 होने पर ही सरकार इसकी खरीद करती है। शनिवार को व्यापारियों द्वारा सरसों 41 लैब का भाव 6575 रुपये प्रति क्विंटल रहा है। जबकि सरकार द्वारा निर्धारित सरसों का एमएसपी रेट 6200 रुपये प्रति क्विंटल है। इससे अधिक नमी होने पर सरकार खरीद नहीं करती। किसान को व्यापारियों को सरसों बेचने से करीब 375 रुपये प्रति क्विंटल का अधिक लाभ मिल रहा है। इसलिए किसान भी सरकार को सरसों बेचने के इच्छुक नहीं हैं। मार्केट कमेटी सचिव निशांत ने बताया कि शनिवार को सरसों खरीद के लिए कोई खरीद एजेंसी नहीं आई। भट्टूमंडी में शनिवार को करीब 575 क्विंटल सरसों की आवक हुई है। अब तक भट्टूमंडी में करीब 675 क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी है।