टोहाना। शहर में डोर टू डोर कचरा उठाने का काम शुरू न होने से लोग परेशान हैं। ठेकेदार ने वर्क ऑर्डर मिल जाने के बावजूद कचरा नहीं उठाया क्योंकि कचरा गिराने के लिए नगर परिषद द्वारा जगह मुहैया नहीं करवाई गई। ठेकेदार का कहना है कि उनकी ओर से कोई ढिलाई नहीं है और जमीन तय होते ही काम तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
नगर परिषद प्रधान और अधिकारियों ने कहा कि जगह को लेकर जल्द कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। फिलहाल नगर परिषद के पास आवश्यक संसाधन मौजूद हैं, लेकिन कचरा गिराने के लिए उचित स्थान न होने से काम प्रभावित हो रहा है।
पहले नगर परिषद ने श्रीकृष्ण गोशाला से मनियाना रोड पर जगह ली थी और कचरा गिराना शुरू किया, लेकिन ग्रामीणों और शहरवासियों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि यह स्वास्थ्य और सफाई के लिए खतरा है। विरोध के चलते गोशाला कमेटी प्रधान विनोद बंसल को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।
अब नगर परिषद गोशाला की नई कमेटी से बातचीत कर जगह तय करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जगह फाइनल होने के बाद ही एजेंसी डोर टू डोर कचरा उठाने का काम शुरू कर सकेगी।
-
परिषद अपने स्तर पर कर रही है कार्य
नगर परिषद की ओर से डोर टू डोर टेंडर खत्म होने के बाद से अपने स्तर पर कुछ कॉलोनियों में टिपर भेजकर कचरा उठवाया जा रहा है जबकि अनेक कॉलोनियों में अभी भी लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय निवासी विनोद, राकेश, बंटी, विजय ने बताया कि नगर परिषद की ओर से कुछ पॉश इलाकों में कचरा उठाने के लिए गाड़ियां भेजी जा रही हैं जबकि अन्य जगहों के साथ भेदभाव किया जा रहा हैं।
-
ठेकेदार ने लगाई 23500 आईडी
नगर परिषद से डोर टू डोर कचरा उठाने का टेंडर लेने वाले एजेंसी से गौरव शर्मा ने कहा कि उनकी एजेंसी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में करीब 23,500 आईडी लगा दी गई हैं। इसके अलावा कचरा उठाने के लिए ट्राई रिक्शा, ई रिक्शा और टिपर ले चुके हैं। नगर परिषद की ओर से कचरा गिराने के लिए जगह देने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-
कचरा गिराने के लिए जगह लेने को लेकर बातचीत चल रहीं हैं जिसे जल्द पूरा करने के बाद कचरा उठाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-नरेश बंसल, चेयरमैन, नगर परिषद, टोहाना।
-
डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए टेंडर को लेकर जमीन की बात लगभग पूरी हो चुकी है, जल्द ही एजेंसी की ओर से घर-घर कचरा उठाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- रवि, सफाई इंस्पेक्टर, नगर परिषद, टोहाना।