कुलां-जाखल मुख्य सड़क पर करवाया गया पेचवर्क।
कुलां। आखिरकार लोक निर्माण विभाग की नींद खुल गई है। अधिकारियों ने खस्ता हाल कुलां-जाखल मुख्य सड़क पर कुलां के आसपास बने गड्ढों को भरवा दिया है। विभाग ने कुलां चौक के पास बने कई गड्ढों में पेचवर्क करवाया है। इससे एकबारगी वाहन चालकों को राहत मिली है। गौरतलब है कि अमर उजाला में 28 मई के अंक में सड़क की बदहाली की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लेकर अधीनस्थ कर्मचारियों को पेचवर्क के निर्देश जारी किए।
दरअसल, पांच वर्ष पहले बनी इस सड़क पर कुलां चौक के पास ही कई गड्ढे बन गए थे, जिससे वाहन चालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे दुर्घटनाएं होने का खतरा भी रहता था। जिला मुख्यालय और पंजाब को जोड़ने वाले इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही और भारी वाहनों के दबाव के चलते सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। लोगों द्वारा भी काफी समय से गड्ढे भरने की मांग की जा रही थी। थोड़ी सी बारिश होते ही गड्ढों में पानी भर जाता था।
-
:: जाखल मार्ग पर कुलां गांव के आसपास कुछ स्थानों पर गड्ढे बन गए थे। मीडिया के जरिये इसकी जानकारी मिलने पर हमने तत्काल प्रभाव से अस्थायी तौर पर गड्ढे भरने का काम कर दिया है। जब तक इस सड़क को ऊंचा नहीं उठाया जाता, तब तक समस्या बरकरार रहेगी। इस सड़क का नवनिर्माण होना प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर भी अलॉट हो चुका है। आचार संहिता खत्म होते ही सड़क का पुनर्निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
अंकुर गर्ग, जेई, लोक निर्माण विभाग, टोहाना