फतेहाबाद/भट्टू कलां। शहीद देश की धरोहर होते हैं। शहीदों ने अपना जीवन देश की रक्षा के लिए न्योछावर कर दिया। मगर प्रशासनिक तंत्र उनकी याद में बने स्मारकों की न बेहतर देखभाल कर रहा है और न ही पार्कों की। भट्टू मंडी स्थित शहीद नरेंद्र सिंह जाखड़ मेमोरियल पार्क देखरेख के अभाव में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
दरअसल, भट्टू क्षेत्र के गांव मेहूवाला के सैनिक नरेंद्र सिंह जाखड़ करगिल युद्ध में दुश्मनों से मुकाबला करते हुए 9 जुलाई 1999 को वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके जीवन से भावी पीढ़ी को प्रेरणा देने के लिए भट्टू मंडी में पार्क का नाम उनके नाम पर किया गया था। साथ ही 17 सितंबर 2004 को शहीद नरेंद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। हर साल शहीद के बलिदान दिवस पर उनको याद करके यहां पूर्व सैनिक और क्षेत्रवासी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यह पार्क हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में बना हुआ है। मगर प्राधिकरण पार्क की कोई सुध नहीं ले रहा है।
-
गंदगी भरी पड़ी, नियमित रूप से नहीं हो रही सफाई
गौरव सैनिक संगठन के सदस्यों धर्मपाल सिंह माचरा, योगराज, सुरेंद्र सांई, मोहनलाल, राजेश बाना, रामस्वरूप सिहाग आदि ने बताया कि मौजूदा समय में पार्क बदहाल हो चुका है। न ही नियमित रूप से पार्क में सफाई हो रही है। छोटा गेट टूट गया है। बैठने के लिए लगाई गई सिमेंटिड कुर्सियां टूट गई हैं। इन कुर्सियों के पास पानी भरा हुआ है। पार्क से लेकर शहीद की प्रतिमा के चारों तरफ धूल व पत्ते बिखरे हुए हैं। बड़ी-बड़ी घास उग गई है, जिनकी लंबे समय कटाई नहीं हुई है। पूर्व सैनिकों ने डीसी मनदीप कौर से संज्ञान लेते हुए पार्क का सुधार करवाने की मांग की है।
-
:: शहीद के नाम पर पार्क बना हुआ है, शहीद की प्रतिमा भी लगी है। कम से कम पार्क की सफाई तो नियमित रूप से होनी चाहिए। पार्क की बदहाल स्थिति देखकर बड़ा दुख होता है।
-रविंद्र ढाका, संस्थापक, गौरव सैनिक संगठन
:: कारगिल शहीद ने अपनी जान देश के लिए दे दी। एचएसवीपी एक पार्क की भी देखभाल नहीं कर पा रहा है। युवाओं को प्रेरणा देने के लिए शहीद की प्रतिमा लगाई गई थी। ऐसी बदहाली के लिए नहीं।
-फूल सिंह, सदस्य, गौरव सैनिक संगठन
:: हम पूर्व सैनिकों को शहीद के नाम पर बने पार्क का बुरा हाल देखकर बेहद दुख हो रहा है। अधिकारी और प्रशासन कैसे इतनी उदासीनता बरत सकता है। प्रशासन को पार्क की साफ-सफाई की तरफ ध्यान देना चाहिए।
-रामस्वरूप सिहाग, सदस्य, गौरव सैनिक संगठन
-
:: पार्क की बहुत दुर्दशा हो गई है। इसकी संभाल के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत संज्ञान लेकर पार्क का सुंदरीकरण करवाना चाहिए और नियमित रूप से सफाई की व्यवस्था करवानी चाहिए।
-पाल सिंह, सदस्य, गौरव सैनिक संगठन
:: भट्टू क्षेत्र में सबसे अधिक सैनिक परिवार हैं। इस इलाके के युवाओं में फौज में भर्ती होने की ललक रहती है। ऐसे क्षेत्र में शहीद के नाम पर पार्क की बदहाली कतई स्वीकार नहीं हो सकती है। इसमें सुधार होना चाहिए।
-शेर सिंह, सदस्य, गौरव सैनिक संगठन
-
:: जिला प्रशासन से आग्रह है कि इस पार्क को फिर से सुंदर बनाया जाए और रोजाना इसकी सफाई के लिए कर्मचारी नियुक्त किया जाए ताकि पार्क की दशा में सुधर हो सके। इस समय पार्क काफी बदहाल हो चुका है।
-सुरेंद्र सांई, सदस्य, गौरव सैनिक संगठन