भूना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नहला में मंडल स्तरीय युवा संसद में सभी प्रतिभागी
भूना। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नहला में मंगलवार को मंडलस्तरीय युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 50 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी को छात्रा योग्यता ने निष्पक्ष ढंग से निभाया। प्रधानमंत्री के रूप में सुलेना, गृहमंत्री, वित्तमंत्री, विदेशमंत्री, शिक्षामंत्री, कृषिमंत्री की भूमिका निभाई।
वहीं विपक्षी सांसदों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, देश की सुरक्षा, विदेश नीति, साइबर अपराध जैसे ज्वलंत मुद्दों पर प्रश्न पूछे। युवा संसद में सरकार के मंत्रियों ने युवाओं, बुजुर्गों, किसानों सहित सभी वर्गों के हितों के लिए किए गए कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रतिपक्ष नेता आरती ने विपक्ष पद की भूमिका निभाई और कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की और हंगामा मचाकर सदन की कार्यवाही को प्रभावित किया। सरकार ने भी विपक्ष के मुद्दों का जोरदार जवाब दिया। युवा संसद की कार्यवाही में 15 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।
कार्यक्रम में डाइट मदीना से डॉ. सतीश कुमार व डाइट बिहरी कलां चरखी-दादरी डॉ. ओमप्रकाश पंवार व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भगवतीपुर रोहतक की राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता श्रीमती सरिता ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। जिला संसाधन इकाई के कोऑर्डिनेटर सुनील कड़वासरा प्रवक्ता डाइट मताना ने बताया कि इस युवा संसद प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संसद की कार्यवाही और संसद में बनने वाले कानून की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है। इस अवसर पर डाइट मताना के डॉ. सुनील कुमार, डॉ. देवेंद्र सिंह के निर्देशन में विद्यालय के राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता अशोक कुमार व अर्थशास्त्र के प्रवक्ता सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों को युवा संसद की कार्यवाही के बारे में तैयारी करवाई। इस दौरान प्रिंसिपल ईश्वर सिंह लोरा, नहला के सरपंच कृष्ण कुमार ढिल्लों, एसएमसी प्रधान जगमेंद्र बेनीवाल, धर्मपाल सिंह, राकेश पन्नू, अमीर सिंह, शकुंतला देवी, छवि, सुमन आदि स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।