फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: चेयरपर्सन ने जब नहीं सुनी तो बैठक से बाहर निकले 8 पार्षद, फिर लौटे

Thu, 26 Dec 2024 11:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
जिला परिषद की बैठक से उठकर एक बार के लिए बाहर जाते विपक्षी खेमे के पार्षद। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। करीब छह महीने बाद हुई जिला परिषद की सामान्य बैठक खूब हंगामेदार रही। जिला परिषद की प्रधान सुमन खिचड़ के विरोधी खेमे के पार्षद पहले प्रधान से उलझे, फिर उनके पक्ष में बोलने वाले पार्षदों से। नोकझोंक व तल्खी इतनी बढ़ गई कि वार्ड 12 के पार्षद गुगन गोदारा के प्रधान के पक्ष में बोलने पर वार्ड 1 के पार्षद राकेश चोयल ने एजेंडे की कॉपी फेंकते हुए रोष जताया।
विज्ञापन


बैठक में 18 में से 17 पार्षद हाजिर रहे जबकि वार्ड 9 की पार्षद बेअंती गैरहाजिर रही। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही प्रधान सुमन खिचड़ की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक शुरू हुई तो इसमें पिछली बैठक के एजेंडों की समीक्षा का एजेंडा रखा गया। इस पर विरोधी खेमे ने काम नहीं होने की बात कहकर रोष जताना शुरू कर दिया। प्रधान ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सभी वार्डों में काम हुए हैं। अगर किसी पार्षद को अपने वार्ड के और काम बताने हैं, तो वह लिखित में 28 दिसंबर तक दे सकता है।

इसके बाद उन्होंने अगले एजेंडे पर चलने के लिए कहा तो फिर से विरोधी खेमा भड़क गया। वार्ड 7 के पार्षद बंटी गढ़वाल ने कहा कि पहले ही 50 काम लिखकर दिए हुए हैं। जिन कामों की मैंने मांग की हुई है, उनमें से कोई नहीं हो रहा है। इसके बाद पार्षद अनूप कुमार ने भी गुस्सा जाहिर किया। इस पर प्रधान सुमन खिचड़ ने कहा कि सभी पार्षदों की बात सुनी जाएगी, सदन की मर्यादा भंग न करें। सदन को चलाने में सभी सहयोग करें। इसी बीच दूसरा एजेंडा पढ़ दिया गया तो इससे आक्रोशित होकर विरोधी खेमे के पार्षद एक बार के लिए उठकर बैठक से बाहर चले गए। हालांकि, दो-तीन मिनट बाद ही वह वापस आकर सीटों पर बैठ गए।
विज्ञापन




पार्षद अनूप बोले, मेरे वार्ड में कोई काम नहीं हुआ, चेयरपर्सन बोलीं, 21 काम हो चुके

बैठक में वार्ड 17 के पार्षद अनूप कुमार ने कहा कि मेरे वार्ड में कोई काम नहीं हुआ है। इस पर चेयरपर्सन ने जिला परिषद के अधिकारियों को इस वार्ड में हुए काम बताने के लिए कहा। अधिकारी ने बताया कि वार्ड में 1 करोड़ 8 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। प्रधान सुमन खिचड़ ने पार्षद अनूप को बताया कि उनके वार्ड में 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से 21 काम हो चुके हैं। इस पर अनूप ने कहा कि जिन कामों की मैंने मांग की थी, वह नहीं हुए।



पार्षद बंटी गढ़वाल बोले, स्कूल में 4 कमरे बनवाने के लिए कहा था, अब तक नहीं बने

वार्ड सात से पार्षद बंटी गढ़वाल ने कहा कि मैंने गांव के स्कूल में चार कमरे बनवाने के लिए कहा था। मगर आज तक नहीं बनाए गए हैं। दूसरी तरफ वार्ड में किसी और के कहने पर खेतों का रास्ता बना दिया। खेलों का रास्ता ज्यादा जरूरी है या विद्यार्थियों के पढ़ने के लिए स्कूल में कमरे। इसी तरह वार्ड एक के पार्षद राकेश चोयल ने गांवों में जोहड़ बनाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जोहड़ ज्यादा जरूरी है या खेतों में खाल पक्के करने। जो काम पार्षद कहें, उन्हीं को करवाया जाए। प्रधान ने कहा कि पार्षद लिखित में एजेंडे दे दें, प्राथमिकता के आधार पर काम करवाए जाएंगे।



पार्षद गौरव शर्मा बोले, दो साल पहले खेल का सामान मांगा था, आज तक नहीं मिला

वार्ड तीन के पार्षद गौरव शर्मा ने कहा कि दो साल पहले जब जिला परिषद की पहली बैठक हुई थी, उसमें ही उन्होंने खेल का सामान मांगा था, मगर आज तक नहीं मिला है। इस कारण गांवों में जाना मुश्किल हो गया है। हमें बताया जाए कि कब तक खेल का सामान उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इस पर जिला परिषद सीईओ सुरेश कुमार ने कहा कि खेल विभाग से सामान का रेट लेकर जल्द ही सामान दिलवा दिया जाएगा।



पंचायत समिति चेयरमैन बोले, हमें क्यों बुलाते हो, जब हमारा महत्व ही नहीं

बैठक में पंचायत समिति रतिया के चेयरमैन केवल मेहता ने भी पंचायत समिति चेयरमैन की तरफ से दुखड़ा बयां किया। बैठक में पंचायत समिति चेयरमैन की वोटिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। कुछ पार्षदों ने कहा कि चेयरमैन को वोटिंग का अधिकार नहीं है, इस पर प्रधान सुमन खिचड़ ने कहा कि वे सदन के सदस्य हैं, उनको भी वोटिंग का अधिकार है। इस पर केवल मेहता ने कहा कि अगर हमारा महत्व ही नहीं हैं, तो फिर हमें क्यों बुलाते हो।

-

बैठक से पहले एकजुट हुआ विरोधी खेमा, आठ पार्षद पहुंचे

प्रधान सुमन खिचड़ के विरोधी खेमे ने बैठक से पहले वार्ड सात के पार्षद बंटी गढ़वाल के भट्टू रोड स्थित कार्यालय में बैठक की। इस दौरान बंटी गढ़वाल समेत आठ पार्षद शामिल हुए। इनमें वार्ड एक से राकेश चोयल, वार्ड चार से सीमा रानी, वार्ड सात से बंटी गढ़वाल, वार्ड आठ से प्रवीन कुमार, वार्ड 13 से सीमा रानी, वार्ड 17 से अनूप कुमार व वार्ड 18 से परमजीत कौर मौजूद रहे। बैठक का संचालन डिप्टी सीईओ अनूप सिंह ने किया।

जिला परिषद की बैठक से उठकर एक बार के लिए बाहर जाते विपक्षी खेमे के पार्षद। संवाद

जिला परिषद की बैठक से उठकर एक बार के लिए बाहर जाते विपक्षी खेमे के पार्षद। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें