फतेहाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। अस्पताल में तैनात एकमात्र हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका छह माह के लिए छुट्टी पर चले गए हैं।
इस स्थिति में अब गंभीर मरीजों के पास अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों का रुख करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। दूसरी तरफ पिछले काफी समय से अस्पताल में ऑपरेशन में काम आने वाली सी-आर्म मशीन खराब पड़ी थी। इस कारण विशेषज्ञ होने के बावजूद भी मरीजों के बड़े ऑपरेशन नहीं हो पा रहे थे। अब नई मशीन की व्यवस्था तो दूर, डॉक्टर न होने के कारण अस्पताल आने वाले हड्डी के मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
-
जिले में एक भी सरकारी विशेषज्ञ नहीं
वर्तमान में स्थिति यह है कि पूरे जिले के सरकारी अस्पतालों में एक भी हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं है। नागरिक अस्पताल के एकमात्र डॉक्टर के अवकाश पर जाने के बाद अब ओपीडी में आने वाले मरीजों को केवल प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दी जाएगी या उन्हें रेफर किया जाएगा। सड़क दुर्घटना या गंभीर चोट वाले मरीजों को रेफर किया जा रहा है।
-
ओपीडी पर्ची कटवाने के लिए आ रहे मायूस लौट रहे मरीज
अस्पताल की ओपीडी में रोजाना काफी संख्या में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं जिन्हें जोड़ों के दर्द, पुरानी चोट या फ्रैक्चर की शिकायत है। विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण सामान्य डॉक्टर ही इन मरीजों को देख रहे हैं, जो केवल दर्द निवारक दवाएं लिख पा रहे हैं। जिन मरीजों को प्लास्टर या सर्जरी की जरूरत है, उन्हें सीधे रेफर किया जा रहा है।
अस्पताल पहुंची गांव हिजरावां कलां निवासी विशन देवी (82) ने बताया कि काफी समय से उनके घुटने में दर्द रहता है। कई दिनों से वह गांव के एक डॉक्टर से दवाई ले रहे थी, जब आराम नहीं मिला तो वह यहां दवाई लेने के लिए आई है, पर्ची काटने वाली जगह पर बैठे कर्मचारी ने बताया कि डॉक्टर छुट्टी पर है।
वहीं फतेहाबाद शहर निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह सरकारी कार्यालय में काम करते है। पैर की हड्डी में दर्द हाेने पर अस्पताल में पहुंचे है, लेकिन डॉक्टर नहीं होने के कारण उन्हें आपातकालीन कक्ष में बैठे डॉक्टर ने दो दिन की दवा लिखकर दी है और अग्रोहा में डॉक्टर को दिखाने के लिए बोला है। -
हड्डी रोग विशेषज्ञ लंबी छुट्टियों पर गई हैं। लोगों को दिक्कत न हो इसको लेकर उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जाएगा।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन