रतिया के बाजारों में अतिक्रमण हटाते हुए नगर पालिका कर्मचारी
रतिया। नगरपालिका प्रशासन ने मंगलवार दोपहर बाद शहर के मेन बाजार व टोहाना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगरपालिका के कर्मचारियों ने अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों का सामान व बोर्ड भी जब्त किए और उनकी वीडियोग्राफी भी की। एसडीएम जगदीश चंद्र को लगातार शिकायतें मिल रही है कि बाजारों में दुकानदारों की ओर से दुकानों के आगे सामान रखकर अतिक्रमण किया जा रहा है।
इस पर एसडीएम जगदीश चंद्र ने नगरपालिका को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। नगरपालिका के सचिव शुभम कुमार ने बताया कि अतिक्रमण करने की शिकायतों के आधार पर सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह व दरोगा मुकेश कुमार, अमरीक सिंह, भूप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। इसके बाद टीम ने मेन बाजार व टोहाना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया साथ ही कुछ दुकानदारों की ओर से बाहर रखे गए सामान को भी जब्त किया। नगरपालिका सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है और अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर दुकानदारों ने फिर भी अतिक्रमण न हटाया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।