फतेहाबाद। शहर के सतीश कॉलोनी के पास बलराज उर्फ गोली की हुई हत्या मामले में पुलिस ने रिमांड पर लिए गए मुख्य षडयंत्रकारी गांव बहबलपुर निवासी बलराज उर्फ बल्लू व उसके तीन साथियों खान मोहम्मद निवासी मुकेश, सिरसा के बनसुधार निवासी संजय, फतेहाबाद के खेमाखाती चौक निवासी विकास को कोर्ट में पेश किया। यहां से बलराज उर्फ बल्लू को चार दिन के रिमांड पर दोबारा लिया गया है। इसके अलावा अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इन आरोपियों को पहले पांच दिन के रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक रिमांड के दौरान आरोपियों से सिरसा के खेत में से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन पिस्तौल बरामद हो चुके हैं लेकिन अभी एक पिस्तौल बरामद नहीं हुआ है। पिस्तौल बरामद व हथियार सप्लाई देने वाले सप्लायर के बारे में सुराग लगाना है। आरोपियों को हथियार गंगानगर से सप्लाई हुए थे। मामले में अब तक 13 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। बता दें कि 15 जून की शाम को काठमंडी निवासी कार सवार बलराज उर्फ गोली पर फायरिंग की गई थी। गंभीर रूप से घायल गोली ने अगले दिन उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि बलराज उर्फ गोली और बलराज उर्फ बल्लू में पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी।
मुख्य षडयंत्रकारी बलराज उर्फ बल्लू को कोर्ट से चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पिस्तौल बरामद करना है। फिलहाल मामले में अभी जांच जारी है।
- रणजीत सिंह, शहर थाना प्रभारी