अभिनंदन नन्हीं परी कार्यक्रम का शुभारंभ करते उपायुक्त जगदीश शर्मा।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को जिले में और अधिक प्रबल बनाने के लिए उपायुक्त जगदीश शर्मा ने अभिनंदन नन्हीं परी नामक अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत जिले में बेटी के जन्म पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन की ओर से बधाई संदेश, 1100 रुपये और एक मिठाई का डिब्बा भेंट किया जाएगा।
बता दें कि अभिनंदन नन्ही परी योजना के तहत जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 14 अक्तूबर के बाद जन्म लेने वाली सभी बेटियों को 1100 रुपये का चेक, स्वीट बॉक्स व बधाई पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त ने एक बुकलेट का भी विमोचन किया, जिसमें बधाई पत्र और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान व महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार की योजनाएं शामिल हैं।
इस मौके पर डीईओ दयानंद सिहाग, जिला बाल सरंक्षण अधिकारी सुरजीत, महिला एवं बाल विकास विभाग से अधीक्षक परमजीत कौर व सहायक अजय कुमार, राकेश कुमार, उर्मिला, आशीष सरोहा, सुरेंद्र आदि उपस्थित रहे।
लिंगानुपात में और सुधार की उम्मीद
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दर्शना सिंह ने बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन से जिले के लिंगानुपात में सुधार आएगा व भारत सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिले के सभी ब्लॉक में इस योजना के तहत राशि भेज दी गई है ताकि खंड के तहत जन्म लेने वाली बालिकाओं को खंड स्तर पर सम्मान का लाभ दिया जा सके।वहीं, दूसरी ओर फतेहाबाद में जन्मी 9 बच्चियों को उपायुक्त, नगराधीश सुरेश कुमार व जिला कार्यक्रम अधिकारी की उपस्थिति में योजना के तहत 1100 रुपये का चेक मिठाई व बधाई पत्र देकर सम्मानित किया गया।