फतेहाबाद। अग्रवाल कॉलोनी में बहुत ही हृदय विदारक घटना हुई। बीमार पत्नी की मौत के 40 मिनट बाद ही पति ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। दोनों का वीरवार को एक साथ दाह संस्कार किया गया।
परिजनों के मुताबिक अग्रवाल कॉलोनी निवासी बिजलीकर्मी रामकुमार (53) की पत्नी ममता (48) पिछले कई दिनों से लीवर की बीमारी से जूझ रही थी। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीमारी के चलते ममता की बुधवार रात करीब 10 बजे मौत हो गई। पति रामकुमार को जब पत्नी की मौत का पता चला तो वह बेसुध हो गया। इस पर परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे।
यहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद रामकुमार को मृत घोषित कर दिया। भाई शिवकुमार ने बताया कि रामकुमार बिजली निगम के सिरसा स्थित कार्यालय में में तैनात था। रामकुमार पत्नी की मौत को सहन नहीं कर पाया और पत्नी की मौत का पता चलते ही कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। दोनों के दो बेटे हैं। माता-पिता का साया एकसाथ सिर से उठने से दोनों भाई और बाकी परिजन सदमे में हैं।