फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल पिछले चार सालों से कायाकल्प अवॉर्ड लेने में पिछड़ रहा है। इस साल फिर से कायाकल्प अवॉर्ड लेने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। कायाकल्प टीम 10 जनवरी से पहले निरीक्षण के लिए आ सकती है। इसके लिए नागरिक अस्पताल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए बुधवार को अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इसमें डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, आईसीएन और सुपरवाइजर शामिल रहे। कायाकल्प टीम निरीक्षण के दौरान नागरिक अस्पताल में मरीजों का फीडबैक लेगी। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण व्यवस्था, ओपीडी और डिस्पेंसरी पर व्यवस्था समेत कई मानकों का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण में अगर 70 अंक मिलते हैं तो स्टेट टीम निरीक्षण के लिए आएगी। अस्पताल को वर्ष 2021 में कायाकल्प अवॉर्ड मिला था लेकिन इसके बाद मानकों पर खरा नहीं उतर पाया। मुख्य वजह भवन के पुराने होने की रही है। इस बार सुंदरीकरण कार्य के चलते अस्पताल को जरूरी अंक मिल सकते हैं। हालांकि पिछले दिनों एनक्वास को लेकर हुए निरीक्षण के दौरान अस्पताल बाहर हो चुका है।
-
बंद ओपीडी कक्ष, वार्डों में बिगड़ी व्यवस्था
नागरिक अस्पताल में पिछले साल जुलाई माह में सुंदरीकरण कार्य शुरू हुआ था लेकिन अभी तक तक यह पूरा नहीं हो पाया है। चार ओपीडी दूसरे विभागों में चल रही है। इसके अलावा महिला और पुरुष वार्डों में काम अधर में अटके हैं। इससे अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
-
नागरिक अस्पताल के कायाकल्प अवॉर्ड के लिए टीम आनी है। इस बार उम्मीद है कि अस्पताल की व्यवस्थाएं मानकों पर खरा उतरेंगी। अस्पताल में जो कमियां है उन्हें दूर करवाने का प्रयास जारी है।
-डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन।