फतेहाबाद के अग्रवाल कॉलोनी में आत्महत्या मामले में जांच करते हुए पुलिसकर्मी
फतेहाबाद। अग्रवाल कॉलोनी में सोमवार को स्वास्थ्यकर्मी अनमोल (33) ने अपने घर पर ही फंदा लगा आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने दो पेज का एक नोट छोड़ा है। इसमें उसने लिखा मेरी मेंटल हेल्थ ठीक नहीं है। अनमोल के फंदा लगाने का तब पता चला जब पत्नी दोपहर के समय घर लौटी। मृतक के 5 साल का बेटा है।
मृतक हिसार के निजी अस्पताल में कार्यरत था। युवक ने करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। पत्नी निजी बैंक में कार्यरत है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर फिलहाल इत्तफाकिया की कार्रवाई की है। फंदा लगाने से पूर्व मृतक ने नोट में पत्नी के लिए लिखा, डियर वाइफ आप जैसा कोई नहीं है। यह घर तुम्हारा भी है। बेटे का ध्यान रखना। दूसरे पेज पर उसने अपने माता-पिता के लिए लिखा कि मेरी मेंटल हेल्थ ठीक नहीं है। पत्नी और बेटे का ध्यान रखना।
पुलिस के मुताबिक अग्रवाल कॉलोनी निवासी अनमोल बंसल (33) ने 8 साल पहले फतेहाबाद निवासी गुंजन से प्रेम विवाह किया था। दोनों का पांच साल का बेटा है। अनमोल हिसार के निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम करता था। उसकी पत्नी गूंजन फतेहाबाद में ही एचडीएफसी बैंक में काम करती है।
सोमवार सुबह खाना बनाने के बाद वह बैंक चली गई जबकि पांच साल का बेटा भी स्कूल चला गया। लंच टाइम के समय गूंजन जब घर लौटी तो वह अनमोल के कमरे में गई। उसने देखा कि बेड पर कुर्सी रखी हुई थी और अनमोल चुन्नी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। इस पर उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी प्रभारी सुमित कुमार टीम के साथ पहुंचे। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलाया गया। परिजनों के मुताबिक करीब एक हफ्ते पहले अनमोल गाड़ी लेकर हिसार से फतेहाबाद आ रहा था। उसी दौरान अग्रोहा के पास उसकी गाड़ी के आगे एक पशु आ गया था, इससे अनमोल घायल हो गया।
वह एक सप्ताह से छुट्टी पर था। शहर थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी सुरेंद्रा ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया की कार्रवाई की है। परिजनों का किसी पर कोई आरोप नहीं है। मौके से सुसाइड नोट मिला है, इसमें मानसिक परेशानी का जिक्र किया गया है।