गांव मंगेड़ा में गिरी छत और मलबे में दबा सामान
कुलां। वीरवार को हुई बारिश के चलते देर रात को गांव मंगेड़ा में मकान की छत गिर गई। मलबे में दबने से परिवार के मुखिया की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। छत गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार को मलबे से नीचे निकालकर अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार पवन कुमार (40) परिवार के साथ घर के अंदर सो रहा था। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण उसके मकान की छत कमजोर होने से वीरवार रात करीब 11 बजे भरभरा कर गिर गई। इससे पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। शोर सुनकर गांववासी मौके पर पहुंचे और सभी को मलबे के नीचे से निकाला और तत्काल उन्हें इलाज के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अग्रोहा रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान पवन कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी छिंद्र कौर और बेटा देवेंद्र (14) व बेटी रिया (16) गंभीर रूप से घायल है। मृतक पवन कुमार व उसकी पत्नी एक निजी उद्योग में मजदूरी कर अपना व अपने बच्चों का भरण पोषण कर रहे थे।
गांव मंगेड़ा में गिरी छत और मलबे में दबा सामान