टोहाना। शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल कन्या स्कूल रोड पर अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के कारण रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। यह सड़क चंडीगढ़ रोड को रेलवे रोड बाजार से जोड़ती है और स्थानीय लोग इसे मुख्य बाजार के नाम से जानते हैं। बावजूद इसके, ट्रैफिक पुलिस का इस ओर कोई विशेष ध्यान नहीं है और हालात दिन-ब-दिन तनावपूर्ण होते जा रहे हैं।
स्थानीय राहगीर विकास और मनजीत ने बताया कि कई वाहन चालक कन्या स्कूल की दीवार के साथ अपनी गाड़ियां खड़ी कर पास की दुकानों में खरीदारी करने चले जाते हैं। इसके कारण सड़क और संकरी हो जाती है। जब दोनों दिशाओं से वाहन आमने-सामने आते हैं, तो स्थिति पूरी तरह जाम में बदल जाती है।
इस समस्या का सीधा असर न केवल वाहन चालकों पर पड़ता है, बल्कि पैदल चलने वाले, स्कूल से जुड़े लोग और स्थानीय दुकानदार भी परेशान होते हैं। कई बार वाहन चालकों में इस कारण विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय निवासी मोहन लाल, रमेश कुमार और प्रदीप शर्मा ने प्रशासन से अपील की है कि कन्या स्कूल रोड पर नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस या होमगार्ड की तैनाती की जाए। सड़क किनारे खड़े वाहनों का चालान किया जाए और नो पार्किंग के बोर्ड लगाए जाएं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के सुचारू यातायात और आम जनता की सुरक्षा के लिए कन्या स्कूल रोड पर अवैध पार्किंग रोकने और जाम की समस्या से स्थाई राहत दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए। इससे न केवल सड़क पर सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और स्थानीय दुकानदारों की परेशानी भी कम होगी।
-
सूचना देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहर के अन्य हिस्सों में भी अव्यवस्थित पार्किंग समस्या का कारण बन रही है। सिटी थाने के पास अक्सर ट्रक गलत तरीके से खड़े रहते हैं और इससे गली से बाहर निकलने में बाधा आती है। हाल ही में शिवा गली के पास एक ट्रक गलत तरीके से खड़ा होने के कारण वहां निकलना मुश्किल हो गया था। ट्रैफिक पुलिस को सूचना देने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस टीम लगातार राजकीय कन्या स्कूल रोड पर ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के चालान करती है। आगे भी कार्रवाई तीव्र की जाएगी। किसी भी तरह से अवैध पर पार्किंग नहीं होने दी जाए। अगर ऐसी कोई समस्या है तो इसका समाधान किया जाएगा।
- अजमेर सिंह, ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज, टोहाना।