फतेहाबाद। बडोपल पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 13 वर्षीय बच्ची को मात्र 18 घंटे में तलाश कर उसके माता-पिता को सौंप दिया। बच्ची को परिवार ने स्कूटी चलाने से रोक दिया था। इस पर वह नाराज होकर घर से चली गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची सबसे पहले सिरसा गई और वहां से रेल से श्रीगंगानगर पहुंच गई। वहां वह अपने नानी के पास जा रही थी। जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिवार ने बडोपल पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और अन्य राज्यों में भी बच्ची की जानकारी पहुंचाई। इस दौरान श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से बच्ची के होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया। बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी। इसके बाद उसे उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बच्ची वीरवार शाम 4 बजे घर से निकली थी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब बच्ची को बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई और समन्वय के कारण बच्ची को सुरक्षित घर लौटाया जा सका। परिवार ने पुलिस का इस कार्रवाई के लिए आभार जताया है।