भूना। अवैध तेल तस्करी में पकड़ी हुई पिकअप गाड़ी।
भूना। अवैध रूप से डीजल बिक्री मामले में पुलिस ने पिकअप गाड़ी के मालिक की तलाश में वीरवार को पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। जांच में पिकअप गाड़ी के मालिक के रूप में सुरेंद्र सिंह गोदारा का नाम सामने आया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
जिस पिकअप से अवैध रूप से डीजल की सप्लाई की जा रही थी, वह पहले भी इसी तरह के मामले में शामिल रह चुकी है। जुलाई माह में इसी गाड़ी को अवैध रूप से तेल बेचते हुए 11 ड्रम डीजल के साथ पुलिस ने पकड़ा था। उस समय गाड़ी का पंजीकरण मनोज कुमार नामक व्यक्ति के नाम था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था।
बाद में आरोपी को जमानत मिल गई, जिसके चलते डीजल और पिकअप गाड़ी की सुपरदारी भी उसे सौंप दी गई थी। अब करीब पांच महीने बाद वही पिकअप गाड़ी दोबारा अवैध रूप से डीजल बिक्री के मामले में पकड़ी गई है। इस बार गाड़ी का मालिक सुरेंद्र सिंह बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि जब पहला मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है, तो फिर गाड़ी का पंजीकरण कैसे बदला गया।
-
थाना प्रभारी ओम प्रकाश बिश्नोई ने बताया कि अवैध रूप से डीजल की बिक्री करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है। जिस पिकअप गाड़ी से तेल की अवैध बिक्री की जा रही थी, वह पहले भी इसी तरह के मामले में शामिल रह चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की परतें खुलेंगी। फिलहाल आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।