गीता जयंती समारोह को लेकर बैठक करते अधिकारी। सूचना विभाग
फतेहाबाद। जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव 28 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। चार दिवसीय इस कार्यक्रम के लिए हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनार, झांकियों सहित तमाम तैयारियां को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं।
एडीसी ने कहा है कि जिले में 1 दिसंबर तक गीता जयंती महोत्सव बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। चार दिन तक चलने वाले महोत्सव के दौरान पहले दिन कॉलेजों में गीता मनीषी गीता के महत्व पर अपना व्याख्यान देंगे। 29 नवंबर को गीता जयंती समारोह का शुभारंभ हवन व गीता पूजन के साथ किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा सेमिनार का आयोजन होगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्कूली बच्चों द्वारा गीता का श्लोक उच्चारण किया जाएगा। इसके अलावा नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें गीता पर आधारित झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा में धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं गीता पर आधारित अपनी झांकी शामिल कर सकते हैं।
बैठक में एसडीएम राजेश कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई, नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी, यातायात प्रबंधक सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।