दशहरा झांकी को झंडी देते हुए समाजसेवी विक्की मेहता संवाद
रतिया। शक्ति नाटक क्लब की ओर से मंगलवार सुबह दशहरा पर्व पर शहर में झांकी निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम और रावण की सेना के साथ शिव भोलेनाथ, काली माता और हनुमान के स्वरूपों ने लोगों का ध्यान खींचा।
झांकी को विक्की मेहता ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबी सभा के अध्यक्ष सतीश हांडा ने की। झांकी में सागर आर्ट की ओर से प्रस्तुत शिव भोलेनाथ, काली माता, अघोरी की कंकाल सेना और भगवान हनुमान के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे।
शिव भोलेनाथ और काली माता की झांकियों को देखकर शहरवासी मंत्रमुग्ध हो गए। अघोरी की कंकाल सेना और हनुमान के स्वरूप ने भी दर्शकों को रोमांचित किया। झांकी रामलीला ग्राउंड से शुरू होकर शक्तिनगर, पंजाबी धर्मशाला और टोहाना रोड से भगत सिंह चौक पहुंची।
यहां से फतेहाबाद रोड, संजय गांधी चौक और बुढलाडा रोड होते हुए शहर के मुख्य बाजार से निकली। इसके बाद झांकी वापस रामलीला मैदान पहुंची। यहां भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच युद्ध का मंचन किया गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद बंसल, नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान ज्ञानचंद चोपड़ा, संयोजक डॉ. हंसराज, विज्ञान सागर बाघला, हरबंस खन्ना, कृष्ण तनेजा, रघुनाथ मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष चुघ, शाम आनंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।