फतेहाबाद। शहर के योग नगर में कुत्ते की पिटाई के बाद शुरू हुए विवाद में एसपी निकिता खट्टर को एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। मामले की सुनवाई के दौरान माहौल भी एक बार गर्माया और मंत्री की एसपी के साथ करीब पांच मिनट तक बहस भी हुई।
योग नगर निवासी गुरप्रीत कौर ने शिकायत दी थी कि उसके पति के खिलाफ गलत मामला दर्ज किया गया। पति के खिलाफ अपहरण करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कुत्ते के साथ मारपीट करने का मामला था युवक के साथ मारपीट की गई और उसका अपहरण किया गया। इस पर मंत्री ने कहा कि अपहरण का मामला गलत दर्ज किया गया है। मंत्री ने पूछा कि क्या इस परिवार का कोई क्रीमिनल रिकॉर्ड है लेकिन पुलिस अधिकारी जवाब नहीं दे पाए।
जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक सोमवार को डीपीआरसी हॉल में सामाजिक न्याय, अधिकारिता के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में हुई। ग्रीवेंस की बैठक में दूसरी बार पहुंचे मंत्री बेदी सख्त मूड में नजर आए। गांव बनमंदोरी में गैर मान्यता प्राप्त स्कूल के बारे में दी गई शिकायत में अधिकारियों की जांच में झूठी मिलने और शिकायतकर्ता के न पहुंचने पर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यह मामला पिछली बैठक में भी आया था तो मंत्री ने डीईईओ को जांच करके रिपोर्ट मांगी थी। बैठक में 13 मामलों की सुनवाई हुई और 8 का मौके पर समाधान किया गया जबकि पांच की अगली बैठक में रिपोर्ट मांगी गई है। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की।
बैठक में जिन मामलों का समाधान किया गया उनमें पेयजल, बिजली, शहरी स्थानीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, शिक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। मंत्री ने बड़ोपल निवासी सुंदर सिंह की बरसाती पानी की निकासी की शिकायत को लंबित रखते हुए दो सप्ताह में रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए। सुंदर सिंह ने शिकायत की थी कि गांव चिंदड़ से बड़ोपल तक नकली पाइप लाइन बिछाई गई है। डीसी डॉ. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर, एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, रतिया एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, ग्रींवेस कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
-
पैनिक फैलाया तो कार्रवाई कराऊंगा
गांव पीलीमंदोरी के ग्रामीणों ने शिकायत की कि पेयजल पाइप लाइन लीकेज हो रही है। नहर से जलघर में पानी आता है। उस नहर में सेम का पानी डाला जाता है। इस पर मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पानी के सैंपल की रिपोर्ट मांगी। इस पर कार्यकारी अभियंता ने कहा कि 15 से 20 सैंपल लिए गए है और टीडीएस 200 से 220 तक रहा है। इस पर मंत्री ने शिकायतकर्ता को फटकार लगाते हुए कहा कि आप पैनिक फैला रहे हैं। अगर दोबारा इस तरह से पैनिक फैलाया कि जहरीला पानी पिलाया जा रहा है तो कार्रवाई कराऊंगा।
-
गली से खंभा हटाएं, डीटीपी से मांगे कॉलोनी की रिपोर्ट (फोटो-
भूना में ऑफिसर कॉलोनी में 11 केवी की लाइन घरों के ऊपर से गुजरने को लेकर मंत्री के सामने मामला रखा गया। वार्ड एक के शिकायतकर्ताओं ने कहा कि निगम कोई शिकायत दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। इस पर निगम के अधिकारियों ने कहा कि गली और मकान बाद में बने हैं। खंभे को हटवा दिया जाएगा। मंत्री ने तुरंत समाधान करने और कॉलोनी को लेकर डीटीपी से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए।
एक्सईन साहब, धरना न उठे तो समाधान न करना
बैठक में अंतिम मामला जाखल के म्योंदकलां में बिजली लाइन को लेकर चल रहे विवाद का रखा गया। मंत्री ने एसडीएम टोहाना की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि इसमें ग्रीवेंस के सदस्यों, बिजली निगम के अधिकारियों को भी शामिल किया जाए। बैठक में कार्यकारी अभियंता ने कहा कि धरना चल रहा है उसे हटवाया जाए। इस पर मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि कमेटी रहने दें, जब तक धरना चलेगा, कोई समाधान नहीं करना है। इस पर मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता ने कहा कि धरना खत्म कर लिया जाएगा।
-
विधायक और पूर्व विधायक के बीच में बैठे मंत्री
बैठक में फतेहाबाद विधायक बलवान दौलतपुरिया, रतिया विधायक जरनैल सिंह, पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिप चेयरपर्सन सुमन खिचड़ पहुंची। मंत्री बेदी विधायक बलवान सिंह और पूर्व विधायक दुड़ाराम के बीच में बैठे। पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा पहली पंक्ति में अंतिम में बैठे।