फतेहाबाद। ठंड बढ़ने के साथ अब स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ने लगा है। डेंगू केसों से राहत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सिविल सर्जन कार्यालय ने स्वाइन फ्लू के उपचार में दी जाने वाले दवाइयों की डिमांड भेजी है।
इसके अलावा आशंकित मरीजों के सैंपल जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल में भेजे जाएंगे। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि बीते सालों में स्वाइन फ्लू के केसों में कमी आई है। वर्ष 2018-19 के बाद एक या दो केस ही जिले में मिल रहे हैं। वर्ष 2018-19 में जिले में सबसे ज्यादा 59 मामले सामने आए थे। वर्ष 2023-24 में एक मरीज मिला।
जिले में स्वाइन फ्लू के ये केस आ चुके सामने
वर्ष केस मिले
2015-16 8
2016-17 0
2017-18 27
2018-19 59
2019-20 2
2020-21 2
2021-22 0
2022-23 3
2023-24 1
गंभीर मरीजों के भेजे जाएंगे सैंपल :
स्वाइन फ्लू मरीज के उपचार के लिए भी अलग-अलग कैटेगरी बनाई गई है। अगर मरीज को खांसी और बुखार के लक्षण हैं तो उसे बेसिक उपचार दिया जाएगा। अगर ज्यादा खांसी और बुखार तेज है तो उसे टेमीफ्लू टैबलेट दी जाएगी। अगर मरीज को बुखार तेज और गंभीर बीमारी यानि सांस लेने में दिक्कत, किडनी में दिक्कत आदि है तो उसका टेस्ट किया जाएगा। इसके अलावा स्वाइन फ्लू के गंभीर लक्षण मिलते हैं तो भी सैंपल लिया जाएगा।
स्वाइन फ्लू के लक्षण :
बुखार, खांसी, जुकाम, गले में सूजन, उल्टी आना, सिर व मांसपेशियों में दर्द, थकान, नाखून का पीला पड़ना, सीने में दर्द व सांस लेने में कठिनाई होना आदि स्वाइन फ्लू के लक्षण हैं।
बचाव के तरीके :
- अधिक भीड़ वाले इलाके में मास्क का प्रयोग करें।
- संक्रमित व्यक्ति से दूर रहें।
- छींकते या खांसते समय मुंह व नाक पर रूमाल रखें।
- दिन में कई बार साबुन से हाथ धोएं।
- बातचीत करते समय करीब तीन फुट की दूरी बनाए रखें।
डेंगू के जिले में मिले हैं 129 केस :
डेंगू की स्थिति पिछली कई दिनों से ठीक है। करीब पांच दिनों से नया केस नहीं आया है। जिले में अब तक 129 केस मिल चुके हैं। विभाग की ओर से 1206 डेंगू आशंकित के सैंपल लेकर जांच की गई है। सर्वे के दौरान 3133 जगहों पर लारवा मिला है।
जिले में डेंगू की स्थिति कंट्रोल में है। स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए तैयारियां जारी हैं। दवाइयों की डिमांड भेजी जा चुकी है। हालांकि स्टॉक मौजूद है, लेकिन अतिरिक्त दवाई मंगवाई गई हैं। अगर कोई आशंकित केस मिलता है तो जांच के लिए सैंपल अग्रोहा मेडिकल में भेजा जाएगा।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला
THAR SUV बनी आग का गोला