फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में सुंदरीकरण कार्य डीसी डॉ.विवेक भारती द्वारा लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को दी गई डेडलाइन के बाद भी पूरा नहीं हुआ है। अस्पताल का आपातकाल वार्ड शुरू नहीं हो पाया और न ही ओपीडी कक्ष तैयार हुए है। पिछले शुक्रवार को उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया था और आपातकाल वार्ड और ओपीडी कक्ष एक सप्ताह में तैयार करके देने के निर्देश दिए थे। लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आपातकाल वार्ड तैयार हो गए है लेकिन बिजली कनेक्शन हुए है और न ही प्लंबर संबंधित काम हुए है। ऐसे में आपातकाल विभाग शुरू होने में समय लग सकता है। हालात ये है कि ब्लड बैंक में आपातकाल विभाग चल रहा है।
-
सीएम संग समीक्षा बैठक में बजट न आने का दिया हवाला
नागरिक अस्पताल में चल रहे सुंदरीकरण पर सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रगति पर समीक्षा की है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की वीरवार को बैठक भी हुई है। प्रशासन की तरफ से रिपोर्ट दी गई है कि मात्र 30 फीसदी काम हुआ है और मरम्मत कार्य अटके होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। बजट न आने का हवाला दिया जा रहा है।
-
रतिया से मंगवाई एक्सरे मशीन हुई शुरू
नागरिक अस्पताल में 100 एमए की रतिया से एक्सरे मशीन मंगवाई गई है। वीरवार को ये मशीन शुरू हो गई। हालांकि 500 एमए की मशीन का वीरवार को भी कनेक्शन नहीं हो पाया है। व्यवस्था चलाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने रतिया से मशीन मंगवाई है।
-
दंत विभाग ओपीडी में शुरू, मशीनें नहीं चली
नागरिक अस्पताल का दंत विभाग वीरवार को ओपीडी विभाग में शिफ्ट हो गया। लेकिन मशीनें शुरू नहीं हो पाई है। प्लंबर और बिजली संबंधित कार्य पूरा न होने के कारण मशीनें नहीं चल पाई। करीब ढाई माह से ओपीडी आयुष विभाग में चल रही थी।
-
आपातकाल वार्ड में बिजली और प्लंबर संबंधित काम रहता है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है।
- डॉ.बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल