रतिया । जिलेभर में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला सुरक्षा टीम की ओर से निरीक्षक मंजू सिंह के कुशल नेतृत्व में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम ने वीरवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया, राजकीय विद्यालय रतिया और बस्ती भीवा के बाहर निरीक्षण कर छात्रों और आसपास के माहौल का जायजा लिया। इस दौरान हुड़दंगबाजी करने वाले और मनचलों पर सख्त कार्रवाई की गई तथा कई युवकों के चालान जारी किए गए।
निरीक्षक मंजू सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्राओं व अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलेभर में महिला सुरक्षा टीम लगातार सक्रिय है और किसी भी तरह की मनचली हरकत पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।