फतेहाबाद। शहर के पुरानी काठ मंडी मोहल्ले में नई पाइप डालने और गली का निर्माण कार्य पिछले करीब तीन महीनों से नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि 30 वर्ष से अधिक पुरानी हो चुकी पाइप लाइन को ठीक करने के नाम पर प्रशासन ने इंटरलॉक गली को उखाड़ा हुआ है। अब यह तब तक नहीं बनेगी जब तक पानी की लाइन नहीं डल जाती। वहीं पाइप लाइन नहीं डालने से पेयजल की किल्लत झेलने को मजबूर हैं।
पुरानी काठमंडी मोहल्ला निवासियों विनोद, तुलसीराम, सोनू, निर्मला देवी, सराेज रानी और मनदीप आदि ने बताया कि पेयजल सप्लाई की लाइन पुरानी होने के कारण जगह-जगह से लीक हो चुकी है, जिस कारण पेयजल में मिट्टी व लोहे का जंग मिश्रित होकर आने लगा था।
मोहल्लावासियों के अनुसार इसकी शिकायत प्रशासन को की गई थी। जिसके बाद गली को उखाड़ दिया ताकि नई पाइप लाइन डाली जा सके। अब करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी गली में पाइप लाइन नहीं डाली गई और न ही गली का निर्माण कार्य हो पाया है।
जिस कारण गली में धूल उड़ रही है और बारिश के आने के बाद गली में वाहनों के आवागमन से गली में कीचड़ बन जाता है। इससे पैर फिसलने का डर बना रहता है। मगर फिर भी पार्षद और प्रशासन के ने कोई सुध नहीं ले रहा है।
पाइप बदलने के लिए प्रशासन ने गली को तीन महीने पहले तोड़ा था, मगर अभी तक न तो पाइप लाइन डाली गई है और न ही गली का निर्माण कार्य शुरू हो पाया है। इससे इस गली के करीब 20 घरों को लोगों को परेशानी होती है।
-बनारसी दास मोंगा, फतेहाबाद।
गली तोड़ने के बाद सीवरेज के मेनहोल के ढक्कन गली से करीब आधा फीट ऊंचे हो चुके हैं, जिससे वाहनों के गुजरने से ढक्कन टूट जाते हैं। इससे रात के अंधेरे में वाहनों के गिरने व पैदल चलने वाले लोगों को ठोकर लगने का डर बना रहता है।
- छत्रपाल सिंह, फतेहाबाद।
-
मेरे घर के सामने सीवर लाइन को दो बार ठीक करवा चुकी हूं। गली तोड़ने के बाद गली में पत्थर ऊपर आ चुके हैं, जिसके कारण गली से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है। कई बार प्रशासन को शिकायत दी मगर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
- रेशमा जांगडा, फतेहाबाद।
-
गेहूं की कटाई का सीजन होने के चलते मजदूर नहीं मिल रहे थे, ऐसे में काम शुरू होने में थोड़ा समय लग गया। एक या दो दिनों में पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए नाली खोदने का काम शुरू कर दिया जाएगा और इसके बाद गली का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-राधेश्याम, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 13