कुलां। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले कुलां-जाखल मार्ग पर चलना इन दिनों हादसे को आमंत्रण देने के बराबर है। लंबे समय से सड़क की स्थिति खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। स्थिति ऐसी है कि कुलां में कुछ जगह तो सड़क गड्ढों में ही समा गई है, जो वाहन चालकों के लिए जानलेवा बन सकती है।
ऐसे हालात में यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। गड्ढे में सड़क है या फिर सड़क पर गड्ढा है, ऐसी पोस्ट सोशल मीडिया पर लिखी जा रही हैं। जब गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है, तब और स्थिति खराब हो जाती है। लोगों की मांग पर पहले पीडब्ल्यूडी द्वारा मरम्मत के नाम पर एक-दो बार सड़क के गड्ढे भरकर खानापूर्ति भी की गई। मगर प्रशासन अब इस सड़क की गारंटी अवधि पूरी होने की बात कहकर अपना पिंड छुड़वा रहा है।
गौरतलब कि करीब पांच वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा कुलां से म्योंद भाखड़ा पुल तक इस सड़क का सवा दो करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च कर निर्माण कराया गया था। इन दिनों सड़क की हालात ये है कि कुलां मुख्य चौक के पास ही सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। यहां एक नहीं, बल्कि कई गड्ढे बन गए हैं।
यह गड्ढे चौक के पास ही होने से जब वाहन इस सड़क पर आने के लिए मुड़ते हैं तो पहिया गड्ढे में चला जाता है। इससे कई बार दोपहिया वाहन चालक गिर भी चुके हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण यह गड्ढे दिखाई नहीं देते। जिला मुख्यालय व पंजाब को जोड़ने वाली यह सड़क काफी जर्जर हो गई है। गारंटी अवधि में ही सड़क अपनी बदहाली के आंसू बहाने लगी थी। ग्रामीण नरेश, काला, सुरेंद्र, कुलदीप, हरीश, धर्मपाल, वेदप्रकाश आदि ने कहा कि मुख्य सड़क होने के चलते इस सड़क से बड़े नेताओं का भी आना जाना रहा है। इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक का भी इस सड़क से आवागमन होता हैं। क्षेत्रीय विधायक इस सड़क की स्थिति से वाकिफ हैं। मगर फिर भी सुध नहीं ली जा रही है।
-
इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। आचार संहिता लगने के कारण इसका वर्क ऑर्डर नहीं हो पाया है। आचार संहिता हटते ही इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
विजय शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, टोहाना