फतेहाबाद। शहर में लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नगर परिषद द्वारा बनवाए गए शौचालय देखरेख के अभाव में बदहाल हैं। कई जगह के शौचालयों के पास बदबू इतनी है कि पास से गुजरना भी मुश्किल है। कई जगहों पर तो स्थिति ऐसी है कि इन पर ताला लटका हुआ है।
हालांकि नगर परिषद के द्वारा दावा किया जा रहा है कि पिछले तीन माह से इन शौचालयों की सफाई प्रशासन द्वारा ही की जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि पहले इन शौचालयों की देखरेख का ठेका एक एजेंसी को लाखों रुपये में दिया गया था। परंतु कुछ समय के बाद उनकी देखरेख को लेकर शिकायतें मिलने लगी थी। जिसके बाद नगर परिषद ने उस एजेंसी का ठेका आगे नहीं बढ़ाया।
ठेका खत्म होने के बाद नगर परिषद के कर्मचारी ही इन शौचालयों की सफाई कर रहे हैं। लेकिन उसकी बाद भी इनकी स्थिति बदहाल बनी हुई है। नगर परिषद अधिकारी या फिर कर्मचारी इनकी सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में जिनकी जिम्मेदारी लगाई है उनकी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सफाई नहीं होने के चलते आमजन नाक बंद करके इनका प्रयोग करने को मजबूर हैं।
न सफाई और न ही किसी शौचालय में पानी
-शहर के अधिकांश शौचालयों में सफाई व्यवस्था सही नहीं है। इनमें लगी टोटियों में पानी नहीं आ रहा है। पानी तब जाएगा जब टंकी में होगा। यह व्यवस्था पिछले तीन माह से चल रहा है। सफाई नहीं होने से इनमें बदबू उठती रहती है। ऐसे में इनका उपयोग करना तो दूर, पास से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। लाजपत पार्क, बीघड़ रोड सहित अन्य कई शौचालय की हालत खराब है। शाम 7 बजे के बाद शहर के शौचालयों पर ताला लग जाता है। फतेहाबाद के तहसील चौक में बने हेरिटेज पार्क में जो शौचालय है उसमें पिछले तीन माह से पानी का प्रबंध तक नहीं है।
जवाहर चौक व धर्मशाला रोड पर नहीं है सार्वजनिक शौचालय
- फतेहाबाद के मुख्य चौकों में शामिल जवाहर चौक व मुख्य बाजारों में शामिल धर्मशाला रोड पर सार्वजनिक शौचालय तक की सुविधा नहीं है। जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोजाना इनके साथ लगते बाजारों में हजारों लोगों का आवागमन होता है। वहीं ग्राहकों के साथ-साथ दुकानदार भी इस समस्या को लेकर परेशान है। दुकानदार व पार्षद इन जगहों पर शौचालय बनवाने की मांग कई बार कर चुके हैं। स्थानीय दुकानदार सुशील, गुरदीप, राकेश, जतिन आदि ने बताया कि शौचालय न होने के कारण काफी परेशानी होती है। दुकानदार अपनी व्यवस्था तो कर लेता है, लेकिन उनके पास आने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कत होती है। खासतौर पर महिलाओं को काफी परेशानी होती है।
5 साल पहले जर्जर हो चुके शौचालय को लेकर दुकानदारों में रोष
- रतिया चुंगी पर नगर परिषद के द्वारा 5 साल पहले सार्वजनिक शौचालय को जर्जर घोषित कर दिया गया था, लेकिन अभी तक उसे तोड़कर फिर से नहीं बनाया गया। रतिया चुंगी पर बनी दुकानों के संचालकों का कहना है इतना समय बीत जाने के बाद भी इनकी देखरेख नहीं की जा रही।
शहर में इन जगहों पर बने हैं शौचालय
- शहर के पुराना बस स्टैंड
- नगर परिषद कार्यालय।
- पुराना बस स्टैंड नजदीक रेस्ट हाउस।
- काठमंडी बीघड़ रोड।
- डीएसपी रोड लाजपत पार्क के सामने।
- थाना रोड।
- मल्टीलेवल पार्किंग।
- हेरिटेज पार्क।
- ऑटो मार्केट।
- शिवालय मार्केट।
- रतिया चुंगी।
- पपीहा पार्क।
शहर में शौचालयों की सफाई हो रही है, शौचालयों की देखरेख को लेकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। अगर किसी शौचालय में दिक्कत है तो उसे ठीक करवाया जाएगा।
- संजय बिश्नोई, डीएमसी, फतेहाबाद।