शहर के मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा रखे गए सामान को जब्त करती टीम।
फतेहाबाद। शहर के सिरसा रोड पर सोमवार शाम को नगर परिषद प्रशासन की तरफ से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने सड़क किनारे लगीं रेहड़ियों को हटवाया। इस कार्रवाई के दौरान रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया। हालांकि, टीम के जाते ही 10 मिनट तक हंस मार्केट और सिरसा रोड पर दोबारा से रेहड़ियां लग गईं।
नगर परिषद टीम ने शिवालय मार्केट के सामने लगीं रेहड़ी के संचालकों को भी चेतावनी दी कि फुटपाथ से नीचे सामान न रखें। अगर कोई रखेगा तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान गोशाला मोड़ के पास लगी रेहड़ियों को भी हटवाया गया। नगर परिषद टीम ने इससे पहले शहर के हंस मार्केट, महाराजा अग्रसेन चौक और थाना रोड से भी अतिक्रमण हटवाया। टीम ने इस दौरान करीब 10 दिनों का सामान जब्त किया। टीम की इस कार्रवाई के दौरान एसआई महेश, राहुल और सफाई दरोगा शामिल थे।
बुधवार के बाद पॉलीथिन के खिलाफ चलेगा अभियान :
नगर परिषद प्रशासन बुधवार के बाद पॉलीथिन के खिलाफ भी अभियान चलाएगा। नगर परिषद प्रशासन की ओर से शुक्रवार को दुकानदारों की बैठक लेकर बुधवार तक का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद चेतावनी दी गई है कि अगर सिंगल यूज प्लास्टिक बेचा गया तो चालान काटा जाएगा। गौरतलब है कि पिछले दिनों पॉलीथिन के चालान काटने को लेकर नगर परिषद टीम और दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था।
-
नगर परिषद प्रशासन की तरफ से अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान जारी है। दुकानदारों से भी अपील है कि वह अतिक्रमण न करें और सफाई व्यवस्था में भी नगर परिषद का सहयोग करें।
- संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद।