फतेहाबाद। घर-घर से कचरा उठान का टेंडर नगर परिषद अफसरों ने आखिरकार खोल दिया है। डिंगमैन पावर एजेंसी के नाम से टेंडर खुला है। एजेंसी घर-घर से 1675 रुपये प्रति टन के हिसाब से कचरा उठाएगी और इसमें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग किया जाएगा। शहर से रोजाना करीब 35 से 40 टन कचरा निकलता है। हालांकि अभी टेंडर अलॉट में समय लग सकता है।
नगर परिषद अधिकारी एजेंसी से रेट कम करवाने के बाद मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजेंगे। सरकार से मंजूरी के बाद संबंधित एजेंसी को काम अलॉट किया जाएगा। टेंडर खोलने में देरी पर हाउस बैठक में विधायक दुड़ाराम ने ईओ को टेंडर खोलने के निर्देश दिए थे।
निजी एजेंसी घर-घर से उठाएगी कचरा
घर-घर से कचरा उठान का काम निजी एजेंसी को दिया जाएगा। एजेंसी के कर्मचारी ही घर-घर जाकर कचरा उठाएंगे और मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर छोड़ेंगे। यहां पर गीला और सूखा कचरा को अलग-अलग किया जाएगा। कचरा उठाने वाली गाड़ियां निजी एजेंसी की ही होंगी।
नई कॉलोनियों को होगा फायदा
घर-घर से कचरा उठान नगर परिषद सीमा में शामिल हुई नई कॉलोनियों में नहीं हो रहा है। नगर परिषद के पास फिलहाल 12 गाड़ियां हैं जबकि वार्ड 27 हैं। एजेंसी आने से नगर परिषद सीमा में शामिल हुई नई कॉलोनियों में कचरा उठान हो सके। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की जो कमी है वह भी दूर होगी।
जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम अधिकारी आज सुनेंगे पार्षदों की शिकायतें
नगर परिषद की हाउस बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सबसे ज्यादा शिकायतें थी। इसके चलते विधायक दुड़ाराम ने सोमवार को दोपहर 12 बजे जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम के एसई, कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई की बैठक बुलाई है। विधायक के निजी सचिव राजबीर सिंह ने बताया कि बैठक नगर परिषद कार्यालय में होगी और पार्षद संबंधित अधिकारियों के सामने अपने वार्ड से जुड़ी पानी, सीवरेज और बिजली से संबंधित शिकायतें रख सकेंगे।
डोर टू डोर कचरा उठान का टेंडर खोल दिया गया है। रेट अप्रूवल के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। यहां से मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी को काम अलॉट कर दिया जाएगा।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद