फतेहाबाद। नगर परिषद के बीघड़ रोड पर बने मुख्य कचरा संग्रह स्थल से 35 हजार टन कचरे का निस्तारण जल्द शुरू हो सकता है। नगर परिषद ने टेंडर खोल दिया है। टेंडर कनिष्का कंस्ट्रक्शन कंपनी के नाम गया है। कंपनी 501 रुपये प्रति टन के हिसाब से कचरे का निस्तारण करेगी। यानि करीब पौने दो करोड़ रुपये कचरा के निस्तारण पर खर्च होगा। टेंडर के लिए 9 एजेंसियां आई थीं। नगर परिषद अधिकारियों ने तकनीकी मूल्यांकन के बाद टेंडर खोला है। करीब दो साल पहले भी नगर परिषद मुख्य कचरा संग्रह स्थल से कचरे का निस्तारण करवा चुका है। इस दौरान 47 हजार टन कचरा जमा था। नगर परिषद की बीघड़ रोड पर साढ़े तीन एकड़ जगह है। यहां पर नगर परिषद ने मुख्य कचरा संग्रह स्थल बना रखा है। नगर परिषद ने वर्ष 2014 से लेकर 2021 तक जमा हुए कचरे का निस्तारण करवाया। एजेंसी ने सात साल में जमा हुए 47 हजार टन कचरे का निस्तारण किया। इसके बाद मात्र दो साल में ही 35 हजार टन कचरा से डंपिंग साइट भरने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि डंपिंग साइट पर कचरा कम है जबकि सिस्टम से न डालने के कारण दिखाया ज्यादा जा रहा है।
टेंडर के लिए आई थी ये एजेंसियां
कनिष्का कंस्ट्रक्शन कंपनी
दया चरण एंड कंपनी
पीपल एसोसिएशन फॉर टोटल हेल्प एवं यूथ
आकांक्षा इंटरप्राइजिज
आयुषी हाइजीन एडं केयर प्राइवेट लिमिटेड
पवनी एनर्जी एवं मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड
डिंग मेनपॉवर एवं सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड
श्री श्याम एसोसिएट
पूजा कंसूलेशन कंपनी
समय सीमा के बाद भी नहीं लगा प्रोसेसिंग प्लांट
नगर परिषद ने बीघड़ रोड पर बने मुख्य कचरा संग्रह स्थल भर जाने के कारण ठेके पर दो एकड़ जगह ली है। ये जगह 1 लाख 76 हजार रुपये वार्षिक पर ली गई है। डोर-टू-डोर एजेंसी को यहां पर प्रोसेसिंग प्लांट लगाना है। जिला नगर आयुक्त ने 12 सितंबर तक का समय दिया था लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।
कोट
कचरा निस्तारण का टेंडर खोल दिया गया है। एजेंसी को जल्द ही प्रक्रिया के तहत काम अलॉट कर दिया जाएगा।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता नगर परिषद