टोहाना (फतेहाबाद)। अग्रसेन चौक स्थित एक आवास पर मां-बेटी की मौत से पड़ोसी भी स्तब्ध हैं। रविवार को श्मशान घाट पर दोपहर करीब दो बजे दोनों की चिता एक साथ जलते ही लोग फफक पड़े। दत्तक पुत्री रवीना ने मां-बेटी को मुखाग्नि दी।
रतिया रोड की तरफ जाने वाले मार्ग पर स्थित एक मकान से शनिवार को महिला सुरजीत कौर (98) और उनकी बेटी हरभजन कौर (60) के शव मिले थे। दोनों की बीमारी से मौत की आशंका जताई गई थी। दोनों का रविवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
जांच अधिकारी एसआई शिक्षा देवी ने बताया कि नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड ने दोनों शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें डॉ. सोनिया व डॉ. बृजेश शामिल रहे। प्राथमिक जांच में चिकित्सकों ने मौत के बारे में अभी कुछ नहीं बताया है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने मृतका सुरजीत कौर की दत्तक पुत्री रवीना के बयान पर कार्रवाई कर शव उनको सौंप दिए। इसके बाद, दोपहर में दोनों के शव घर पहुंचे। करीब 1:30 बजे दोनों की अंतिम यात्रा घर से निकली।
मां-बेटी के शवों को दत्तक पुत्री ने भी कंधा दिया। श्मशान घाट पर दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। बेटी रवीना ने ही मां और बहन के शवों को मुखाग्नि दी।