व्यापारियों व नगर परिषद अधिकारियों की बैठक लेते हुए एसडीएम आकाश शर्मा। सूचना विभाग।
टोहाना। एसडीएम आकाश शर्मा ने बुधवार को शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने शहर में हो रहे अतिक्रमण पर चिंता जताई और कहा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा।
एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत टीमें शहर के बाजारों और मुख्य स्थानों पर जाकर व्यापारियों और नागरिकों को अतिक्रमण न करने के बारे में जागरूक करेंगी। शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा बनाए रखने के लिए यह अभियान अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने व्यापारिक संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने-अपने स्तर पर भी व्यापारियों को समझाएं कि दुकान से बाहर सामान न फैलाएं और फुटपाथ या सड़क पर कब्जा न करें। यदि लोग स्वयं आगे आकर सहयोग करेंगे तो प्रशासन को कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शहर को स्वच्छ बनाना है उद्देश्य
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान के बाद भी यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य लोगों पर दंड लगाना नहीं है बल्कि शहर को स्वच्छ, सुगम और व्यवस्थित बनाना है। । बैठक में मौजूद व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि वे अपने स्तर पर भी अतिक्रमण न करने और दूसरों को भी न करने की अपील करेंगे।