फतेहाबाद। शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बन रही है। विशेषकर शाम के समय स्थिति ज्यादा ही खराब होती है। विडंबना यह है कि नगर परिषद के बाहर ही दुकानदार अतिक्रमण कर रहे है लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।
यही नहीं हंस मार्केट में तो 50 फीट तक अतिक्रमण है। यहां पर चलने को फुटपाथ तक नहीं है। ट्रैफिक पुलिस भी नगर परिषद प्रशासन की चुप्पी से परेशान है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ अभियान का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना दी जा रही है ताकि अतिक्रमण हट सके और जाम की स्थिति न बने।
पिछले साल के अंत में तत्कालीन जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हुई थी, प्रशासन ने दुकानों के आगे लगे अवैध शेड तोड़े थे, इसके अलावा रैंप भी तोड़े गए थे लेकिन डीएमसी के बदलने के बाद हालात जस के तस हो गए हैं। हालात ये है कि नगर परिषद कार्यालय के बाहर बनी दुकानों, शिवालय मार्केट व हंस मार्केट समेत मुख्य बाजारों में दुकानों के आगे शेड लगने शुरू हो गए हैं। यहां तक सामान भी फुटपाथ से आगे तक रखा जा रहा है।
-
शाम के समय हंस मार्केट से गुजरना मुश्किल
शहर के हंस मार्केट में शाम के समय गुजरना मुश्किल हो रहा है। यहां दुकानों के आगे गर्म कपड़ों की स्टॉलें लग रही हैं। इसके अलावा सड़क पर सब्जियों की रेहड़ी लगने से जाम की स्थिति बन रही है। यहां पर दुकानदारों की आपसी मिलीभगत के आरोप लगते रहे हैं।
पार्किंग के बाहर लगी रहीं स्टॉलें थाना रोड पर मल्टीपर्पज पार्किंग के बाहर भी कपड़ों की स्टॉलें लग रही हैं। इसके चलते यहां पर जाम की स्थिति बन रही है। पार्किंग के बाहर 8 से 10 स्टॉलें लग रही हैं। यही हालात शहर के चार मरला कॉलोनी में हो रहे हैं। दुकानों के आगे स्टॉल लगाने से रास्ता संकरा हो रहा है।
-
हंस मार्केट में काफी अतिक्रमण हो रहा है, इस संबंध में नगर परिषद प्रशासन के संज्ञान में मामला लाया भी गया है। संबंधित अधिकारियों का कहना है जल्द अभियान चलाएंगे। ट्रैफिक पुलिस नगर परिषद प्रशासन के साथ सहयोग देने को तैयार है। पुलिस टीम की तरफ से नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
-जयसिंह, ट्रैफिक थाना प्रभारी
दुकानदारों का फर्ज है कि वह एक दायरे में ही सामान रखें ताकि आमजन को परेशानी न हो सके। व्यापार मंडल इसको लेकर हमेशा अपील भी करता रहा है।
-अशोक नारंग, प्रधान, व्यापार मंडल
शहर में अगर अतिक्रमण बढ़ रहा है तो सोमवार को अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण दुकानदारों को नहीं करने दिया जाएगा।
-सुरेश कुमार, ईओ नगर परिषद