फतेहाबाद। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने के लिए वर्ष 2022 में टैबलेट दिए गए थे। योजना को ई-अधिगम का नाम दिया गया था। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा दसवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों व शिक्षकों को टेबलेट जारी हो रखे है लेकिन ये इसका प्रयोग नहीं कर रहे हैं।
इसको लेकर शिक्षा विभाग निदेशालय ने सख्त लहजे में ई-अधिगम योजना को सिरे चढ़ाने के निर्देश जारी किए है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को रोजाना टेबलेट स्कूल में लेकर आना होगा। इसके अलावा टैबलेट को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों को ई-अधिगम को लेकर शेड्यूल जारी किया गया है। जिले के करीब 20 हजार विद्यार्थियों और शिक्षकों को टेबलेट जारी हो रखे हैं।
-शिक्षकों की ये रहेगी गतिविधि
- शिक्षकों को रोजाना होमवर्क और असाइनमेंट भेजने होंगे।
- विद्यार्थी के टेबलेट प्रयोग, प्रदर्शन और विषय पूरा होने की स्थिति ट्रैक करेंगे शिक्षक।
- विद्यार्थियों की ये रहेगी गतिविधि
- विद्यार्थियों को डायग्नोस्टिक टेस्ट का प्रयास करना होगा
-दो रीमिडियल टेस्ट का प्रयास करना होगा
- शिक्षक द्वारा दिए गए गृहकार्य को करना होगा।
- विद्यार्थियों को जारी हुए टेबलेट
कक्षा विद्यार्थियों को टेबलेट मिले
दसवीं 7256
ग्यारहवीं 5907
बारहवीं 3624
नोट : शिक्षा विभाग द्वारा मार्च 2024 में जारी किया गया आंकड़ा है।
- इंचार्ज को करनी होगी निगरानी
शिक्षा विभाग निदेशालय ने निर्देश दिए है कि इंचार्ज को रोजाना मॉनिटरिंग करनी होगी। इसके अलावा पीएएल डेशबोर्ड पर ट्रैक करना होगा कि कौन कितना टैबलेट का प्रयोग कर रहा है।
- ई- अधिगम को लेकर समय-समय पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक किया जाता है कि सरकार की जो योजना है उसका फायदा उठाएं। निदेशालय की तरफ से जो निर्देश आए है उसको लेकर सभी बीईओ को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।