होटल में मारपीट और शिक्षक के गिरने का वीडियो वायरल।
फतेहाबाद। सिरसा रोड स्थित एक होटल में पार्टी के दौरान प्राइमरी शिक्षक प्रहलाद की मौत के मामले में बुधवार को 5 मिनट 4 सेकंड की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई। फुटेज में होटल में छह लोग नजर आ रहे हैं।
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा होता दिखाई देता है। अचानक प्रहलाद जमीन पर गिर जाते हैं। फुटेज के अनुसार उनके नीचे गिरने के बाद भी पांचों साथी आपस में झगड़ते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के बच्चे कनाडा में रहते हैं। वहीं मृतक की पत्नी सुनीता के बयान पर बीघड़ रोड निवासी सत्यप्रिय, गांव झलनियां निवासी अमित, भिवानी निवासी अनिल, हिसार के गांव चबरवाल निवासी कुशल और पंजाब के अबोहर निवासी निखिल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी होटल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार एक आरोपी शिक्षक स्कूल में दस्तावेज लेने आया था। इसके बाद पार्टी का सिलसिला शुरू हुआ था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच अधिकारी संजय ने बताया कि मामले की फिलहाल जांच की जा रही है। अलग-अलग एंगल से घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।