अस्पताल में घायलों का इलाज करते डॉक्टर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद जिले के रतिया गांव रतनगढ़ के पास रविवार देर शाम सड़क पर खड़े ट्रक से टाटा एस की टक्कर हो गई। हादसे में टाटा एस में सवार आठ लोग घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में उपचाराधीन गगन सिंह ने बताया कि वह गांव बह्मनवाला के रहने वाले हैं और उसके साथ ही गांव के सनी, निर्मल, सुखजीत, रनजोध खुशदीप, गुरदास, साहिलदीप ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी भरने का काम करते हैं। रविवार देर शाम वे गांव हड़ोली में तूड़ी भरने के बाद टाटा एस में सवार होकर वापस अपने गांव बह्मनवाला लौट रहे थे।
गगन सिंह के अनुसार, जब वे गांव रतनगढ़ के पास पहुंचे तो सड़क पर एक ट्रक अंधेरे में गलत जगह पर खड़ा हुआ था। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उन्हें बीच सड़क में खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान उनकी टाटा एस सीधे ट्रक से जा टकराई।
हादसे में टाटा एस में सवार सभी आठ लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें रतिया के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।