फतेहाबाद। गांव बहबलपुर के पास रविवार शाम को कच्चे तेल से भरा टैंकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर से चालक को मौके पर बाहर निकाल लिया गया, लेकिन परिचालक को बाहर निकालने में दो घंटे का समय लग गया। टैंकर के केबिन को क्रेन की मदद से तोड़ा गया और उसमें सवार दूसरे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घायल चालक की पहचान मथुरा निवासी करतार सिंह के रूप में हुई, जबकि मृतक की पहचान मथुरा निवासी मोनू शर्मा बताई जा रही है।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद करीब चार से पांच पेड़ टूट गए। हादसे का कारण टैंकर की स्पीड ज्यादा होना बताया जा रहा है। मथुरा निवासी करतार सिंह टैंकर में कच्चा तेल लेकर अपने साथी के साथ पंजाब की बठिंडा रिफाइनरी के लिए निकला था। गांव बहबलपुर के पास पहुंचकर टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरीके से पेड़ की टहनियों को काटकर एक को बाहर निकला गया और उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जिसकी पहचान करतार सिंह के रूप में हुई।
वहीं, मौके पर मौजूद लोगों को आशंका हुई कि केबिन में दो से तीन लोग और फंसे हो सकते हैं। इसके बाद में पुलिस उनकी तलाश में जुट गई, लेकिन केबिन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त था कि उसमें फंसे लोगों को देख पाना मुश्किल हो रहा था। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। ताकि तेल के चलते कोई आग लगने का हादसा न हो सके। जिसके बाद दमकल कर्मियों द्वारा वहां पर फोम और केमिकल का छिड़काव किया। इसके बाद टैंकर को सीधा करने के लिए क्रेन को बुलाया गया। क्रेन की मदद से केबिन तोड़ा गया तो उसमें से एक व्यक्ति का शव मिला।
गड्ढों में भरा तेल
बठिंडा को जाने वाले अधिकतर टैंकर फतेहाबाद से हांसपुर के रास्ते जाते हैं। जबकि इस मार्ग की चौड़ाई कम है। यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। गनीमत ये भी रही कि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटा और वहीं पर टैंकर से तेल गड्ढों में भर गया। अगर सड़क पर तेल गिरता तो बड़ा हादसा होने की आशंका भी रहती।
गांव बहबलपुर के पास टैंकर का हादसा हुआ है। इसमें सवार एक व्यक्ति को मौके पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि दूसरे को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जिसकी हालत गंभीर थी और उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
- इंस्पेक्टर सुरेंद्रा, सदर थाना प्रभारी