कुलां रोड पर शहीद भगत सिंह पार्क के सामने अशोका मार्बल एवं सेनेटरी हाउस में घुसकर दिनदहाड़े दो नकाबपोश बदमाशों ने शोरूम के मालिक को गोली मारने का मामला सामने आया है। शोरूम संचालक ईश सेठी के पेट और छाती में गोलियों के छर्रे लगे हैं। वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश लक्ष्मी मंदिर वाली गली से फरार हो गए। गोली लगने से घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल किया मगर हालत गंभीर होने के कारण फतेहाबाद के निजी अस्पताल तथा बाद में हिसार रेफर कर दिया। जानकारी अनुसार कुछ अज्ञात बदमाशों ने ईश सेठी से रंगदारी मांगी थी जिससे इंकार करने पर ये हमला हुआ है।
उधर शोरूम मालिक पर हमले की सूचना मिलते ही एसएचओ देवेंद्र सिंह नैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा डीएसपी दलजीत सिंह बेनीवाल और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल पर बिखरा हुए खून व गोली का खोल सहित जमीन पर पड़े छर्रे आदि की जांच की। सीआईए फतेहाबाद और टोहाना की टीमें हमलावरों की तलाश हेतु शहर में जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
ऐसे हुई वारदात : शहीद भगत सिंह पार्क के सामने अशोका मार्बल एवं सेनेटरी हाउस पर बुधवार सुबह शोरूम मालिक 45 वर्षीय ईश सेठी, उसका छोटा भाई अशोक सेठी तथा सुरेंद्र नामक कारिंदा शोरूम पर मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजकर पांच मिनट पर शोरूम के सामने एक मोटरसाइकिल पर तीन नकाबपोश युवक आए। जिनमें एक युवक बाहर ही मोटरसाइकिल पर बैठा रहा। जबकि दो युवक मार्बल शोरूम के गेट पर पहुंचे। जिन्होंने ईश सेठी से रुपयों की डिमांड रखी। सेठी ने पूछा किस चीज के पैसे, तो नकाबपोश युवकों ने पिस्तौल से गोली चला दी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल ईश सेठी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसको घायल के छोटे भाई अशोक सेठी व आसपास के दुकानदारों ने तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल किया। प्राथमिक उपचार के बाद ईश सेठी को फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया मगर हालत नाजुक होने के कारण हिसार रेफर कर दिया गया।
सालभर से बंद थी फायरिंग और फिरौती मांगने की घटनाएं, अब दोबारा शुरू : शहर में लूटपाट, डकैती और रंगदारी तथा हफ्ता वसूली के कारण गोली चलाने की घटनाओं पर करीब सवा साल से अंकुश लगा हुआ था। क्योंकि से पहले बच्ची गैंग व रवि गैंग व्यापारियों को डरा धमका कर हफ्ता वसूली की घटना को अंजाम देते थे। शहर के लोगों को गैंगवार के आतंक से तंग आकर लगातार चार दिनों तक अपनी दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद करके विरोध प्रदर्शन भी करना पड़ा था। भूना वासियों द्वारा शहर की सड़क के चारों ओर से जाम कर दी गई थी जो व्यापारी गैंग के गुर्गों को हफ्ता वसूली देने से इंकार कर देता था तो उसके डराने के लिए दुकान में गोली चला दी जाती थी। मगर पिछले सवा साल से ऐसी कोई घटना नहीं घटी और शहर में शांति का माहौल था मगर बुधवार को मार्बल शोरूम के संचालक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला करने के बाद पुन: शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
पुलिस उप अधीक्षक दलजीत सिंह बेनीवाल ने बताया कि शोरूम मालिक पर नकाबपोश तीन युवकों द्वारा हमला करने की सूचना मिली थी जिसके तुरंत बाद एसएसओ मौके पर पहुंच गए थे। हमलावरों को काबू करने के लिए सीआईए प्रयास कर रही है। घायल के परिजनों की तरफ से पैसों की डिमांड से संबंधित मामला बताया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।