स्वामी नगर के प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। अब जल्द स्वामी नगर को राजकीय प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग मिलने वाली है। लंबे इंतजार के बाद शिक्षा विभाग ने प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग के लिए 47 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। दो से तीन दिन के अंदर नई बिल्डिंग बनाने का काम शुरू हो जाएगा। विभाग ने फर्म को वर्क टेंडर भी जारी कर दिया है। फर्म को 6 माह में स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण पूरा करना होगा। मंगलवार को दो एकड़ में बनने वाली नई बिल्डिंग के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एसडीओ लीलूराम, जेई जितेंद्र कुमार, स्कूल हेड सुरेंद्र कुमार, शिक्षक सुरेंद्र कुमार, सरपंच संजय रूखाया व ठेकेदार ने निरीक्षण किया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नई बिल्डिंग एल आकार में बनेगी। यहां पर बच्चों के लिए पांच कमरे बनेंगे। इसके अलावा हेड मास्टर का कमरा होगा। नई बिल्डिंग में शौचालय और मिड डे मील के लिए रसोई घर भी बनेगा। इस पर करीब 47 लाख रुपये खर्च होंगे। सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल की नई बिल्डिंग के लिए टेंडर जारी किया गया है।
9 मरले में चल रहा 325 बच्चों का स्कूल
स्वामी नगर के राजकीय प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग के लिए ग्राम पंचायत मताना ने दो एकड़ जगह नंदी शाला के पास 2014 में दी थी। लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए रूचि नहीं दिखाई। हालात यह रहे कि 9 मरले की बिल्डिंग में 325 बच्चे पढ़ रहे हैं और 12 शिक्षक इन्हें पढ़ा रहे हैं। बारिश आने पर स्कूल में पानी भर जाता था और इसके चलते छुट्टी करनी पड़ रही है। गर्मी और सर्दी में बच्चे शेड के नीचे पढ़ने को मजबूर रहे। मिड डे मील भी शौचालय के आगे तैयार हो रहा है। अभिभावकों द्वारा बार-बार स्कूल की तालाबंदी के बाद शिक्षा विभाग ने एस्टिमेट बनाकर निदेशालय भेजे लेकिन बार-बार रद्द कर दिया गया। मामला बार-बार उठने के बाद विभाग ने संज्ञान लेते हुए टेंडर जारी किया है।
स्कूल 325 बच्चे हैं और जगह मात्र 9 मरले है, हम काफी समय से नई बिल्डिंग के निर्माण की मांग कर रहे थे। अमर उजाला द्वारा भी मुद्दे को उठाया गया। टेंडर हो गया है अब उम्मीद है जल्द निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे बच्चों को फायदा होगा। - सुभाष कुमार, स्कूल हेड, राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्वामी नगर।
स्कूल की नई बिल्डिंग का टेंडर जारी हो गया है। 47 लाख रुपये खर्च होंगे। 6 माह में बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी। - जितेंद्र कुमार, जेई, शिक्षा विभाग।