फतेहाबाद में पूर्व सरपंच हत्या के आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल के लिए अस्पताल
फतेहाबाद। पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में पुलिस ने चौथे आरोपी निलंबित सरपंच संजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि वारदात के समय उसने हमलावरों को क्रेटा कार में बैठाकर घटनास्थल तक पहुंचाया और वापस ले गया। संजय की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।
थाना सदर प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद राय ने बताया कि इससे पहले विनोद गोदारा, विक्रम और जिले सिंह उर्फ सेठी निवासी खारा खेड़ी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। तीनों आरोपियों से चार दिन की रिमांड के दौरान पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर एक 12 बोर बंदूक, एक देसी पिस्तौल और 12 बोर के पांच कारतूस बरामद हुए।
रिमांड के दौरान ही शुक्रवार को चौथे आरोपी संजय निवासी खाराखेड़ी को भी गिरफ्तार किया गया। रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद अदालत में पेश किया। अस्पताल और अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। सुनवाई के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 4 जुलाई को गांव खाराखेड़ी स्थित रंगला पंजाब तड़का ढाबा के पास पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भतीजे सौरभ के बयान पर पांच आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।