फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: गांवों में सप्लाई बंद, एजेंसियों पर लग रहीं लंबी लाइनें

Mon, 16 Mar 2026 11:21 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
भट्टू मंडी के बस स्टैँड के सामने गैस सिलिंडर के लगी उपभोक्ताओं की लाइन। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिले में रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों पर मारामारी है। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को एजेंसियां खुली तो बुकिंग करवाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई। भट्टू में एजेंसी पर 132 गैस सिलिंडर पहुंचे तो लेने के लिए 400 से ज्यादा लोग लाइन में लग गए। सुबह सात बजे से लोग लाइन में लगे रहे।
विज्ञापन


उपभोक्ताओं ने बताया कि गांवों में पहले सप्लाई एजेंसी की तरफ से हो रही थी लेकिन अब बंद कर दी गई है। मोबाइल फोन से भी बुकिंग नहीं हो रही है। एजेंसी पर उन्हें पर्ची कटवाकर गोदामों से ले जाना पड़ रहा है। फतेहाबाद के मॉडल टाउन में भीड़ के चलते एजेंसी पर पुलिसकर्मी के तैनात किए गए। यहां पर धक्का-मुक्की के हालात रहे।

वहीं प्रशासन ने होटल व ढाबों को अभी राहत देने से इन्कार किया है। हालांकि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों व शादी समारोह के लिए सिलिंडर देने के लिए कमेटी गठित की गई है।
विज्ञापन


-

नाश्ते की 50 फीसदी दुकानें बंद

शहर फतेहाबाद में छोले-भट्ठूे व परांठों की 50 फीसदी दुकानें बंद हो गई हैं। भट्टू रोड पर लगने वाली रेहड़ियां सोमवार को बंद रही। रेहड़ी संचालकों का कहना है कि सिलिंडर न मिलने के चलते दिक्कत आ रही है। हिसार-सिरसा रोड पर कई दुकानदारों ने चाय का रेट सोमवार को 15 रुपये कर दिया। एक चाय विक्रेता ने बताया कि उन्होंने ब्लैक में 1500 रुपये का सिलिंडर लिया है।

-

स्टोव ठीक करवा रहे लोग

डिपो पर मिट्टी का तेल मिलने की सूचना के बाद लोग स्टोव ठीक करवाने के लिए मिस्त्री के पास पहुंचने लगे हैं। जवाहर चौक में दुकानदार ज्ञानचंद ने बताया कि वह 50 साल से दुकान कर रहे हैं। स्टोव बिल्कुल बंद हो गए थे लेकिन अब गैस किल्लत के चलते रोजाना एक से दो ठीक करवाने के लिए आ रहे हैं।

-

पांच दिन पहले बुकिंग, फिर भी नहीं मिले सिलिंडर

जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर्याप्त नहीं होने के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। पिछले कई दिनों से गैस एजेंसियों ने सिलिंडर की होम डिलीवरी बंद कर दी है। इसके कारण 5 दिन पहले हुई बुकिंग के बावजूद लोगों के घरों तक गैस नहीं पहुंच रही है। सोमवार को भट्टू मंडी में सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी, लेकिन उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल सका। देखते ही देखते पुरुषों और महिलाओं की लंबी कतारें लग गईं। अपनी बारी के इंतजार में लोग घंटों अव्यवस्था के बीच खड़े रहे। लोगों का कहना था कि बार-बार बुकिंग करने और एजेंसी के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है।





-





तीन घंटे लाइन में लगने के बाद खाली हाथ लौटे उपभोक्ता

पर्याप्त गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं होने से 200 से अधिक उपभोक्ता, जो सुबह से ही तीन-तीन घंटे तक लाइन में लगे रहे लेकिन अंत में उन्हें खाली सिलिंडर के साथ ही घर लौटना पड़ा। सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन और गैस एजेंसियों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। एक तरफ जहां लोगों को आश्वासन दिया जाता है कि गैस सिलिंडर की कमी नहीं है वहीं उनके पिछले एक सप्ताह से सप्लाई नहीं मिली है।











पांच दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग की थी। उम्मीद थी कि घर पर सप्लाई आएगी लेकिन जब पता चला कि गाड़ी मंडी में खड़ी है तो यहां आए। यहां भी घंटों लाइन में लगने के बाद कहा जा रहा है कि स्टॉक खत्म हो गया। इस पर खाली हाथ लौटना पड़ेगा।

-कृष्ण कुमार, उपभोक्ता।















पिछले एक सप्ताह से घर में रसोई गैस खत्म है। छह दिन पहले बुकिंग की थी लेकिन गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी नहीं हो सकी। इसके बाद मुझे भट्टू मंडी में सिलिंडर के वितरण की सूचना मिली। यहां भी दो घंटे लाइन में लगने के बाद सिलिंडर नहीं मिल सका।

- सुनील कुमार, उपभोक्ता।















गैस सिलिंडर लेने के लिए पहले में मेहूवाला की शहीद नरेंद्र सिंह गैस एजेंसी पहुंचा था। वहां बताया गया कि गैस सिलिंडर का वितरण भट्टू मंडी में होगा। जब मैं भट्टू पहुंचा तो यहां भी गैस सिलिंडर खत्म हो गए थे। पता नहीं कब सिलिंडर मिलेगा।

- रमेश कुमार, उपभोक्ता।















गैस की होम डिलीवरी बंद होने के बाद बार-बार गैस एजेंसी के दफ्तर में सिलिंडर के वितरण होने की जानकारी ले रहा हूं। जब सिलिंडर लेने जाता हूं तो खत्म हो जाते हैं। प्रशासन का बुकिंग के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध करवाने चाहिए।

-विक्रम सिंह, उपभोक्ता।



-

सरकार के नियमों के अनुसार कमेटी का गठन हो चुका है। प्राथमिकता के तौर पर अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों कॉमर्शियल सिलिंडर दिए जाएंगे। शादी समारोह के लिए आवेदन आएंगे उन पर कमेटी फैसला लेकर सिलिंडर सप्लाई देगी। अभी होटलों व ढाबों को सप्लाई देने के लिए कोई गाहडलाइन नहीं है। जिले में 30 हजार गैस सिलिंडरों का स्टॉक है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
विज्ञापन


- कुशलपाल बूरा, डीएफएससी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें