रतिया की एक गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़।
फतेहाबाद। अमेरिका-इस्राइल और ईरान युद्ध का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। रसोई गैस की किल्लत की आशंका के चलते उपभोक्ता एजेंसियों पर बुकिंग करवाने के लिए पहुंच रहे हैं जबकि व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट और वेंडर संचालकों के लिए परेशानी बढ़ गई है। कई रेस्टोरेंट व होटल संचालकों ने लकड़ी तो कुछ ने डीजल भट्ठी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने भी चेताया है कि घरेलू गैस सिलिंडरों का कर्मिशियल उपयोग किया तो कार्रवाई की जाएगी। रतिया में बुधवार को गैस एजेंसी के बाहर हंगामा भी हुआ। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बाद भी सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। बुधवार को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं।
उपभोक्ता विनोद कुमार ने बताया कि दो दिन से जारी किए बुकिंग नंबर पर सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। जगजीवनपुरा के देव मदान का कहना है कि उन्होंने 5 मार्च को बुकिंग करवाई थी लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला।
एडीसी ने गैस एजेंसी संचालकों संग की बैठक : अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने बुधवार को जिले के सभी गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक की। उन्होंने कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए। सभी प्रबंधकों को कहा कि यदि कोई उपभोक्ता बुकिंग के बाद सिलिंडर लेकर उसे बाजार में बेचता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
एडीसी ने निर्देश दिया कि सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण हो और गैस की डिलीवरी केवल ओटीपी के बाद ही की जाए। बिना बुकिंग किसी उपभोक्ता को सिलिंडर न दिया जाए। सभी उपभोक्ताओं को आईबीआरएस हिदायतों के अनुसार 25 दिन के अंतराल के बाद ही बुकिंग करने के लिए कहा गया। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने निगरानी के लिए कमेटी गठित की है ताकि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और उपभोक्ता सुविधा सुनिश्चित हो।
रतिया की एक गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़।