फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में खेत में लगी आगस्त्रोत सोशल मीडिया
भूना। गांव दहमान से सिवानी रोड पर मंगलवार दोपहर खेतों में आग लग गई। आग ने दहमान और गोरखपुर गांव के खेतों को चपेट में ले लिया। आग से करीब 15 एकड़ में गन्ने की फसल जल गई और 30 एकड़ में गेहूं की फसल के अवशेष राख हो गए। आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही दोनों गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टरों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। फतेहाबाद, जाखल, भूना और उकलाना से फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझा पाए।
आग की लपटें उठते ही किसानों में दहशत फैल गई। गोरखपुर और दहमान से तीन सौ से ज्यादा ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। दहमान गांव के सरपंच प्रतिनिधि मदन यादव ने बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान गोरखपुर गांव के खेतों में हुआ है। यहां 15 एकड़ से ज्यादा में गन्ने की फसल जल गई। 30 से 70 एकड़ में गेहूं के अवशेष भी जल गए।
थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को और गाड़ियां भेजने का निवेदन किया गया। ग्रामीणों, किसानों और कर्मचारियों की मदद से आग को बुझाया गया।