एंटी करप्शन ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने मंगलवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के टॉप-3 थानों में शुमार भट्टू कलां थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर रामपाल को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
एसीबी की टीम ने इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को कोर्ट परिसर के बाहर से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए एसीबी कार्यालय ले गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सब-इंस्पेक्टर रामपाल ने एक दर्ज मामले में कार्रवाई करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दे दी।
विज्ञापन
शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। इसके बाद इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह की अगुवाई में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से जैसे ही आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने कोर्ट परिसर के बाहर शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ काबू कर लिया।
देश के श्रेष्ठ थानों में शामिल रहा है भट्टू थाना
गौरतलब है कि गृह मंत्रालय की ओर से भट्टू कलां पुलिस स्टेशन को देश के शीर्ष तीन सर्वश्रेष्ठ थानों में चुना जा चुका है। ऐसे में इस थाने के अधिकारी का रिश्वत लेते पकड़े जाना पुलिस महकमे के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।