फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को परीक्षा समाप्त होने के पांच दिन के भीतर टैबलेट लौटाने के निर्देश दिए हैं। तय समय में टैबलेट, चार्जर और सिम कार्ड जमा नहीं कराने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोका जा सकता है और स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र भी जारी नहीं होगा।
कोरोना महामारी के समय विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए विभाग ने राजकीय विद्यालयों में टैबलेट वितरित किए थे। इसके बाद हर साल बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाते हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद इन्हें स्कूल में जमा कराना अनिवार्य रहता है। निदेशालय ने निर्देश जारी किए हैं कि कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी परीक्षा खत्म होने के पांच दिन के भीतर टैबलेट, चार्जर और सिम कार्ड स्कूल में जमा कराएं। यदि कोई विद्यार्थी समय पर सामान जमा नहीं करता, तो उसका परीक्षा परिणाम रोका जा सकता है।
इसके साथ ही स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र भी जारी नहीं किया जाएगा। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो विद्यार्थी किसी दूसरे स्कूल में दाखिले के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें पहले टैबलेट जमा कराना अनिवार्य होगा। वहीं जो विद्यार्थी उसी स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ाई जारी रखेंगे, उन्हें टैबलेट अपने पास रखने की अनुमति रहेगी।
स्कूलों को भी टैबलेट वापसी का पूरा रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए रजिस्टर में विद्यार्थी का नाम, एसआरएन, आधार नंबर और टैबलेट का ईएमआई नंबर दर्ज किया जाएगा। टैबलेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रमुख पर रहेगी। यदि किसी स्कूल में टैबलेट चोरी या गुम होने की घटना सामने आती है तो उसकी एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य होगा। विभाग इस संबंध में बोर्ड को रिपोर्ट भी भेजेगा।
-
12वीं कक्षा के विद्यार्थी 6 अप्रैल तक जमा कर सकेंगे टैबलेट
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए टैबलेट, चार्जर, सिम और अन्य संबंधित सामान जमा कराने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसी तरह से कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को 25 मार्च तक जमा करवाने होंगे।
-
विद्यार्थियों ने खुद की सिम रिचार्ज
शिक्षा विभाग की तरफ से जिले के कक्षा दसवीं से बारहवीं के करीब 23 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए लेकिन इस बार विभाग तरफ से नेट की सुविधा नहीं मिली। विद्यार्थियों ने खुद अपने स्तर पर ही सिम रिचार्ज करवाके टैबलेट चलाएं।
-
शिक्षा विभाग निदेशालय की तरफ से एसओपी के मुताबिक टैबलेट परीक्षा खत्म होने के बाद वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में स्कूलों को सूचित कर दिया गया है।
-रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ