फतेहाबाद। जिले के सभी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की अपार आईडी बनेगी। विद्यार्थियों को हर वर्ष परीक्षा के बाद क्रेडिट प्वाइंट दिए जाएंगे।
ये प्वाइंट विद्यार्थी वेबसाइट पर ऑनलाइन भी देख पाएंगे। विद्यार्थियों की ऑटोमेटेड परमानेंट अकादमिक अकाउंट रजिस्ट्री सभी शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की बनाई जा रही है। इससे रिकॉर्ड डिजिटल किया जाएगा। फायदा ये होगा कि विद्यार्थियों का डाटा एक क्लिक पर मिल सकेगा। जिले के 6 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीबीएसई से जुड़े हुए हैं।
अगले सत्र में सात पीएमश्री स्कूल भी इससे जुड़ने वाले हैं। इसके अलावा जिले में निजी स्कूल भी सीबीएसई से जुड़े हैं उनकी भी अपार आईडी बनेगी। वहीं हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से जुड़े स्कूलों के विद्यार्थियों की भी आईडी बनेगी। अधिकारियों की माने तो विद्यार्थियों का शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा और विद्यार्थियों के लिए बेहतर कदम होगा। इसी रिकॉर्ड के आधार पर विद्यार्थी छात्रवृत्ति व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठाने में आसानी रहेगी। विद्यार्थी एक स्कूल से दूसरे स्कूल में दाखिला लेने की प्रक्रिया को भी आसान करेगा। इस रिकॉर्ड में तमाम जानकारियां विद्यार्थी की (अपार) आईडी में रहेगी। बोर्ड का लक्ष्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को एक डिजिटल अकाउंट में रखने का है। ये आईडी पहली कक्षा से लेकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों की बनेगी। ये आईडी 12 अंकों की होगी।